सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा पहुंची राघौगढ़ , झूमे दिग्विजय सिंह
पूर्व सीएम ने टंट्या भील की प्रतिमा का किया अनावरण
राघौगढ़/गुना।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा बुधवार सुबह पार्वती नदी पार कर राघौगढ़ विधानसभा क्षेत्र में पहुंची। दिग्विजय सिंह की परंपरागत विधानसभा क्षेत्र राघौगढ़ में प्रवेश करते ही यात्रा का स्वागत किया गया। राघौगढ़ विधायक एवं पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों और कार्यकर्ताओं ने पदयात्रियों का आत्मीय अभिनंदन किया। दिग्विजय सिंह के बेटे एवं विधायक जयवर्धन सिंह के साथ बहू सृजाम्या सिंह और पोते सहस्त्रजय सिंह भी यात्रा की अगवानी करने पहुंचे।
यात्रा के दौरान ग्राम पीपलखेड़ी में जननायक टंट्या भील की प्रतिमा का अनावरण पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने किया। प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में पारंपरिक आदिवासी लोकनृत्य आकर्षण का केंद्र रहा। आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी आदिवासी कलाकारों के साथ पारंपरिक नृत्य में सहभागिता की।
इस अवसर पर पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह, पूर्व मंत्री ओंकार सिंह मरकाम, पीसी शर्मा, विधायक डॉ. हीरालाल अलावा, मध्यप्रदेश आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामू टेकाम, डॉ. आनंद राय और आदिवासी युवा नेता रामदेव काकोड़िया सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


No comments