Header Ads

Header ADS

वाराणसी में अरविंद लिमिटेड की गारमेंट यूनिट से 1,000 से अधिक लोगों को मिलेगा रोजगार


 नई दिल्ली। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को वाराणसी में अरविंद लिमिटेड की अत्याधुनिक गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, वरिष्ठ सरकारी अधिकारी और उद्योग जगत के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। लगभग 150 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित यह इकाई उत्तर प्रदेश में अरविंद लिमिटेड की पहली विनिर्माण इकाई है। इससे 1,000 से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है, जिनमें बड़ी संख्या महिलाओं की होगी।

5.5 एकड़ क्षेत्रफल में फैले इस संयंत्र का कुल निर्मित क्षेत्र लगभग 65,000 वर्ग फुट है। यहां उन्नत स्वचालित सिलाई तकनीक के माध्यम से निटवियर यानी बुने हुए कपड़ों से बने परिधानों का निर्माण किया जाएगा। संयंत्र की संभावित राजस्व क्षमता 250 करोड़ रुपये बताई गई है। इस परियोजना से वाराणसी में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और कौशल विकास के अवसर भी सृजित होंगे। उद्घाटन समारोह में अरविंद लिमिटेड के चेयरमैन संजय लालभाई, वाइस चेयरमैन पुनीत लालभाई और वाइस चेयरमैन कुलिन लालभाई ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया।

इस दौरान प्रधानमंत्री ने कंपनी के पदाधिकारियों के साथ विनिर्माण इकाई का भ्रमण किया और वहां उपलब्ध आधुनिक उत्पादन सुविधाओं का अवलोकन किया। अरविंद लिमिटेड के चेयरमैन संजय लालभाई ने कहा कि प्रधानमंत्री के हाथों इस इकाई का उद्घाटन होना कंपनी के लिए गौरव का विषय है। लालभाई समूह की यात्रा वर्ष 1897 में शुरू हुई थी और इसका इतिहास भारत की औद्योगिक प्रगति से गहराई से जुड़ा रहा है। कस्तूरभाई लालभाई की संस्थान निर्माण की दूरदर्शी सोच से प्रेरित होकर समूह ने ऐसे उद्यमों में निवेश किया है, जो आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और राष्ट्र निर्माण में योगदान देते हैं।


No comments

Powered by Blogger.