Header Ads

Header ADS

भाजपा विधायक राजू सिंह को चार साल की जेल, 25 लाख जुर्माना भी

 


पटना। 

दिल्ली की एमपी-एमएलए कोर्ट ने वर्ष 2018 के चर्चित जश्न में फायरिंग मामले में बिहार के साहेबगंज से भाजपा विधायक राजू कुमार सिंह को चार साल के साधारण कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने उन पर 25 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है। यह राशि मृतका के परिजनों को मुआवजे के तौर पर दी जाएगी। विशेष न्यायाधीश विशाल गोगने ने शनिवार को सजा का ऐलान करते हुए कहा कि राजू कुमार सिंह को भारतीय दंड संहिता की धारा 304 (भाग-2) के तहत चार साल के साधारण कारावास की सजा दी जाती है। इसके अलावा आर्म्स एक्ट के तहत लाइसेंस की शर्तों के उल्लंघन के मामले में दो महीने की अतिरिक्त सजा भी सुनाई गई है।

सजा सुनाए जाने से पहले विधायक की ओर से अदालत से परिवीक्षा (प्रोबेशन) पर रिहा करने की मांग की गई थी। विधायक राजू सिंह के वकील ने तर्क दिया था कि उनका किसी की जान लेने का इरादा नहीं था और एक जनप्रतिनिधि के तौर पर उनका रिकॉर्ड बेदाग रहा है। हालांकि अदालत ने इस दलील को स्वीकार नहीं किया। यह मामला 31 दिसंबर 2018 और 1 जनवरी 2019 की दरम्यानी रात दिल्ली के फतेहपुर बेरी स्थित एक फार्महाउस में आयोजित नए साल की पार्टी से जुड़ा है। आरोप है कि पार्टी के दौरान राजू कुमार सिंह ने जश्न में फायरिंग की थी। इस दौरान चली गोली से पार्टी में मौजूद अर्चना गुप्ता की मौत हो गई थी।

No comments

Powered by Blogger.