Header Ads

Header ADS

यूपी सरकार का बड़ा तोहफा: राज्य कर्मचारियों और पेंशनरों का महंगाई भत्ता (DA) 2% बढ़ा, अब मिलेगा 60% डीए

 


लखनऊ। 

उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य कर्मचारियों और पेंशनरों को महंगाई से बड़ी राहत दी है। सरकार ने महंगाई भत्ते में दो प्रतिशत की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। अपर मुख्य सचिव वित्त दीपक कुमार द्वारा जारी शासनादेश के बाद राज्य कर्मचारियों का महंगाई भत्ता (डीए) 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो गया है। यह बढ़ोतरी 1 जनवरी 2026 से लागू मानी जाएगी। इस फैसले का सीधा लाभ प्रदेश के करीब आठ लाख राज्य कर्मचारियों और चार लाख पेंशनरों को मिलेगा। डीए बढ़ने से इन सभी के वेतन और पेंशन में बढ़ोतरी होगी। वित्त विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय केंद्र सरकार द्वारा 22 अप्रैल 2026 को केंद्रीय कर्मचारियों के लिए जारी आदेश के क्रम में लिया गया है।

शासनादेश के अनुसार, बढ़े हुए डीए का लाभ सभी पूर्णकालिक नियमित राज्य कर्मचारियों, सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थाओं, शहरी स्थानीय निकायों के नियमित कर्मचारियों, कार्य प्रभारित कर्मचारियों तथा यूजीसी वेतनमान में कार्यरत पदधारकों को मिलेगा। आदेश में कहा गया है कि एक जनवरी 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक की अवधि का डीए एरियर नकद नहीं दिया जाएगा। चार महीने की यह बकाया राशि आयकर और सरचार्ज की कटौती के बाद सीधे कर्मचारी के भविष्य निधि खाते में जमा की जाएगी। यह राशि एक मई 2027 तक पीएफ खाते में लॉक रहेगी। यानी कर्मचारी इसे तब तक नहीं निकाल सकेंगे, जब तक कि अंतिम निपटान की स्थिति न हो। जिन कर्मचारियों का खाता नहीं है, उनका एरियर पब्लिक प्रोविडेंट फंड या नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट के रूप में दिया जाएगा। यदि एनएससी उपलब्ध न हो, तो ऐसी स्थिति में नकद भुगतान किया जाएगा।

No comments

Powered by Blogger.