दिल्ली पुलिस ने एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का किया भंडाफोड़, मध्यप्रदेश के तीन युवक गिरफ्तार
भोपाल
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए मध्यप्रदेश के तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। ये युवक पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के सीधे संपर्क में थे और देश के प्रमुख मंदिरों, सैन्य ठिकानों और भीड़भाड़ वाले ढाबों को बम धमाकों से दहलाने की साजिश रच रहे थे। यह खुलासा दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अनमोल राय (टीकमगढ़), राजवीर और विवेक बंजारा (ग्वालियर) के रूप में हुई है।
स्पेशल सेल की टीम ने शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात टीकमगढ़ के पृथ्वीपुर और ग्वालियर के डबरा इलाके में छापेमारी कर इन तीनों को दबोचा। पकड़े जाने के बाद इन्हें तुरंत दिल्ली ले जाया गया। जांच एजेंसियां अब यह पता लगा रही हैं कि पाकिस्तान में बैठे आकाओं ने इन्हें आतंकी गतिविधियों में शामिल करने के लिए कितनी रकम दी थी और इनके पास हथियार कहां से पहुंचने वाले थे।
सोनीपत हाईवे के ढाबे पर ग्रेनेड हमले का था टास्क
जांच में यह भी सामने आया है कि इन आतंकियों को दिल्ली-सोनीपत हाईवे पर स्थित एक बेहद व्यस्त ढाबे पर ग्रेनेड हमला करने का काम सौंपा गया था। इस ढाबे पर रोजाना हजारों लोगों की भीड़ रहती है, जिससे भारी जनहानि होने की आशंका थी। आरोपियों को इसके लिए विशेष निर्देश दिए गए थे कि वे अधिक से अधिक नुकसान पहुंचाएं। फिलहाल, दिल्ली पुलिस तीनों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है ताकि इनके फंडिंग नेटवर्क और अन्य मददगारों का पता लगाया जा सके।
.jpg)
No comments