Header Ads

Header ADS

मध्य प्रदेश : देवास में पटाखा फैक्टरी में भीषण आग, तीन की मौत, 25 मजदूर घायल

 


फैक्टरी को किया गया सील, मालिक हिरासत में

देवास। 

मध्य प्रदेश के देवास जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर आगरा-मुम्बई राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम टोंककला के समीप स्थित एक पटाखा फैक्टरी में गुरुवार को जोरदार विस्फोट होने के बाद भीषण आग लग गई। इस हादसे में तीन श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि 25 घायल हैं। घटना के बाद प्रशासन ने फैक्टरी को सील कर दिया है, जबकि पुलिस ने फैक्टरी मालिक अनिल मालवीय को हिरासत में ले लिया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हादसे पर दुख जताया और घटना की जांच के आदेश दिए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ग्राम टोंककला स्थित पटाखा फैक्टरी में गुरुवार सुबह करीब 10.30 बजे दो केमिकल मिलाकर बारूद बनाया जा रहा था। इसी दौरान केमिकल की मात्रा सही नहीं मिलने से विस्फोट हो गया। इसके बाद फैक्टरी में भीषण आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी, जिससे अंदर मौजूद मजदूरों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गए और घायलों को तत्काल एंबुलेंस और अन्य वाहनों से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

जांच के आदेश और आर्थिक सहायता की घोषणा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर दुख प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि विस्फोट में कई लोगों के हताहत होने का समाचार हृदय विदारक है। उन्होंने बताया कि जिले के प्रभारी एवं उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, गृह सचिव और वरिष्ठ अधिकारियों को घटना स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। घटना की जांच के आदेश भी दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को राज्य शासन की ओर से 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने एवं घायलों का निःशुल्क इलाज करने के लिये निर्देश दिये हैं।

No comments

Powered by Blogger.