पंजाब निकाय चुनाव 2026: AAP की बड़ी जीत, 8 नगर निगमों में से 5 पर कब्जा
चंडीगढ़।
पंजाब में हुए नगर निगम, नगर कौंसिल और नगर पंचायत चुनावों में आम आदमी पार्टी ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए राजनीतिक बढ़त हासिल की है। राज्य के आठ नगर निगमों में से पांच पर पार्टी ने जीत दर्ज की है। मोगा, बरनाला, बटाला, मोहाली और बठिंडा नगर निगमों में आप उम्मीदवारों ने बहुमत हासिल कर पार्टी का परचम लहराया। वहीं भाजपा ने अबोहर नगर निगम पर कब्जा जमाया, जबकि कांग्रेस कपूरथला नगर निगम बचाने में सफल रही। पठानकोट नगर निगम में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, हालांकि उसे स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है।
राज्य में कुल 1,977 वार्डों के लिए चुनाव कराए गए थे। देर शाम तक 1,969 वार्डों के परिणाम घोषित हो चुके थे। इनमें आम आदमी पार्टी ने 954 सीटों पर जीत हासिल कर सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत के रूप में अपनी स्थिति मजबूत की। कांग्रेस को 393 सीटें मिलीं, जबकि शिरोमणि अकाली दल (शिअद) 192 और भाजपा 172 सीटों पर विजयी रही। इन चुनावों की एक खास बात निर्दलीय उम्मीदवारों का प्रदर्शन रहा। कुल 258 सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की, जो भाजपा और शिअद दोनों से बेहतर प्रदर्शन माना जा रहा है। कई नगर निकायों में यही निर्दलीय पार्षद सत्ता गठन और बोर्ड बनाने में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।
No comments