Header Ads

Header ADS

शेयर बाजार में निवेशकों को 13.99 लाख करोड़ की लगी चपत

 


सेंसेक्स ने इंट्रा-डे में 1,974 अंक तक गोता लगाया, निफ्टी में 643 अंक तक टूटा

नई दिल्ली ।

 पश्चिम एशिया में जारी जंग और कमजोर ग्लोबल संकेतों के कारण सप्ताह के पहले कारोबारी दिन ही घरेलू शेयर बाजार में कोहराम मच गया। सोमवार को  इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी बुरी तरह से ध्वस्त हो गए। इस जोरदार गिरावट के कारण सप्ताह का पहला कारोबारी दिन स्टॉक मार्केट के लिए ब्लैक मंडे बन गया। ब्रॉडर मार्केट में भी आज जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई। पूरे दिन के कारोबार के दौरान सेंसेक्स 1,970 अंक से अधिक लुढ़क गया। इसी तरह निफ्टी ने भी 640 अंक से अधिक का गोता लगाया। हालांकि आखिरी वक्त में हुई मामूली लिवाली के कारण दोनों सूचकांकों में निचले स्तर से मामूली सुधार भी हुआ। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 2.46 प्रतिशत और निफ्टी 2.60 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए।

शेयर बाजार में आई जबरदस्त कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में करीब 14 लाख करोड़ रुपये की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 415.12 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 429.11 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 13.99 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।

रिकॉर्ड स्तर तक लुढ़का रुपया, 94 रुपये प्रति डॉलर के करीब पहुंची भारतीय मुद्रा

नई दिल्ली एजेंसी । 
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच भारतीय मुद्रा रुपये की कमजोरी लगातार बढ़ती जा रही है। कच्चे तेल की कीमत में आई तेजी, ट्रांसपोर्टेशन कॉस्ट में हुई बढ़ोतरी, डॉलर की मजबूती और उसकी मांग हुई बढ़ोतरी तथा विदेशी निवेशकों द्वारा भारतीय बाजार में अंधाधुध तरीके से बिकवाली कर अपना पैसा निकालने की वजह से रुपये पर दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है।
इसी दबाव की वजह से इंटरबैंक फॉरेन एक्सचेंज मार्केट में भारतीय मुद्रा डॉलर की तुलना में 93.98 रुपये प्रति डॉलर के अभी तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई। हालांकि इसके बाद इसकी स्थिति में मामूली सुधार भी हुआ, जिसके कारण भारतीय मुद्रा 26 पैसे की कमजोरी के साथ 93.97 रुपये प्रति डॉलर (अनंतिम) के स्तर पर बंद हुई। इसके पहले पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को भारतीय मुद्रा 93.71 रुपये प्रति डॉलर के स्तर पर बंद हुई थी।

No comments

Powered by Blogger.