महाराष्ट्र की सियासत में एक बार फिर से टीपू सुल्तान को लेकर मचा घमासान
मुंबई।
महाराष्ट्र की सियासत में एक बार फिर से टीपू सुल्तान को लेकर घमासान मच गया है. मालेगांव म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन की डिप्टी मेयर शान-ए-हिंद निहाल अहमद ने अपने विरोधियों को दो टूक जवाब देते हुए साफ कर दिया है कि उनके ऑफिस में टीपू सुल्तान की तस्वीर थी, है और आगे भी रहेगी. शनिवार को दिए गए उनके इस बयान ने सियासी हलकों में हलचल तेज कर दी है. वहीं, इससे पहले भारतीय जनता पार्टी की आध्यात्मिक समन्वय आघाड़ी के प्रमुख आचार्य तुषार भोसले ने इसे हटाने की मांग की थी. उन्होंने कहा था कि 24 घंटे के भीतर फोटो नहीं हटाया गया तो हिंदू समाज के साथ मिलकर वे खुद आंदोलन करेंगे.
डिप्टी मेयर शान-ए-हिंद ने टीपू सुल्तान की तस्वीर को लेकर हो रहे विरोध को पूरी तरह से खारिज कर दिया है. उन्होंने कड़े शब्दों में कहा, ‘यह तय करना हमारा अधिकार है कि हमारे ऑफिस में कौन सी तस्वीरें लगाई जाएं और कौन सी नहीं.’ उन्होंने विरोधियों को नसीहत देते हुए कहा कि अगर कार्यकर्ताओं ने जोश में आकर कोई तस्वीर लगाई है, तो इसमें कुछ भी गलत नहीं है.
अहमद ने अपने राजनीतिक और वैचारिक रुख को स्पष्ट करते हुए कहा, ‘हम सोशलिस्ट विचारधारा के लोग हैं. इसलिए, हम अपने ऑफिस में उन महान लोगों की तस्वीरें गर्व से लगाएंगे जो हमारे आदर्शों को दर्शाते हैं. टीपू सुल्तान हमारे लिए एक आदर्श हैं और उनकी तस्वीर के विरोध का हम पर कोई असर नहीं पड़ने वाला.’ स्थानीय लोगों का कहना है कि टीपू सुल्तान को कुछ लोग योद्धा मानते हैं, जबकि कुछ उनके कुछ फैसलों से असहमत हैं.
.jpg)
No comments