मध्य प्रदेश विधानसभा में लाड़ली बहना योजना को लेकर जोरदार हंगामा
भोपाल।
मध्य प्रदेश विधानसभा में लाड़ली बहना योजना को लेकर जोरदार हंगामा हुआ। नए पंजीयन और तीन हजार रुपये मासिक राशि के मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गए। सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि समय पर नए रजिस्ट्रेशन किए जाएंगे। हम पांच साल में लाड़ली बहनों की राशि तीन हजार रुपए कर देंगे। यह विपक्ष ही है, जो कहता था कि योजना बंद हो जाएगी। विधायक महेश परमार ने लाड़ली बहना योजना को लेकर नए रजिस्ट्रेशन और राशि को तीन हजार रुपए करने को लेकर सवाल लगाया था। उन्होंने मांग की कि योजना के लिए दोबारा पोर्टल खोला जाए और पात्र महिलाओं को जोड़ा जाए। उनका कहना था कि 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को योजना से बाहर किया जा रहा है।
महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि किसी भी पात्र महिला का नाम नहीं काटा गया है। 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को वृद्धावस्था पेंशन का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल नए पंजीयन की कोई तय समय-सीमा नहीं है और न ही राशि को तीन हजार रुपये करने का कोई प्रस्ताव विचाराधीन है। इस पर विधायक परमार ने आरोप लगाया कि प्रदेश में बहनों को धोखा दिया जा रहा है। तीन हजार रुपए देने का वादा कर सरकार बना ली गई।
.jpg)
No comments