Header Ads

Header ADS

नीतीश कुमार ने महिलाओं को दिया तोहफा, 25 लाख के खातों में ₹10,000 ट्रांसफर


पटना। 

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने होली से पहले बिहार की 25 लाख महिलाओं को खास तोहफा दिया है। नीतीश कुमार ने सोमवार को 'मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना' के तहत 25 लाख महिलाओं के बैंक खातों में 10-10 हजार रुपये ट्रांसफर किए। इस योजना का उद्देश्य स्वरोजगार और आजीविका के अवसरों के माध्यम से महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देना है। मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि सीएम नीतीश कुमार ने अपने आधिकारिक आवास '1 अणे मार्ग' पर आयोजित कार्यक्रम में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से कुल 2,500 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सितंबर 2025 में बिहार की 'मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना' की शुरुआत की थी। अधिकारियों ने बताया कि अब तक लगभग 1.81 करोड़ महिलाएं 10-10 हजार रुपये प्राप्त कर चुकी हैं। उन्होंने कहा कि जिन महिलाओं ने इस राशि का उपयोग व्यवसाय स्थापित करने के लिए किया है, उन्हें जल्द ही दो लाख रुपये और मिलेंगे।

मुख्यमंत्री कुमार ने हाल ही में घोषणा की थी कि बिहार सरकार ने इस योजना के तहत चयनित लाभार्थियों को दो लाख रुपये तक की अतिरिक्त वित्तीय सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बिहार की NDA सरकार के अनुसार इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को छोटे व्यवसाय से जोड़ना है।

No comments

Powered by Blogger.