Header Ads

Header ADS

सीबीएसई बोर्ड ने 12वीं के छात्रों के लिए सप्लीमेंट्री परीक्षा के नियमों में अहम बदलाव

 


नई दिल्ली 

18 फरवरी से शुरू होने जा रही केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं से ठीक पहले एक बड़ा फैसला सामने आया है। बोर्ड ने 12वीं कक्षा के छात्रों के लिए सप्लीमेंट्री (इंप्रूवमेंट) परीक्षा के नियमों में अहम बदलाव किया है। इस नए नियम के लागू होने से देशभर के लाखों परीक्षार्थी सीधे तौर पर प्रभावित होंगे। अब 12वीं के छात्रों को अपने अंक सुधारने के लिए पहले जैसी सहूलियत नहीं मिलेगी।

सीबीएसई की नई गाइडलाइन के अनुसार, अब 12वीं बोर्ड के परीक्षार्थी रिजल्ट आने के तुरंत बाद केवल एक ही विषय में सप्लीमेंट्री या इंप्रूवमेंट परीक्षा दे सकेंगे। इससे पहले छात्रों को रिजल्ट आने के बाद एक से अधिक विषयों में अंक सुधारने के लिए परीक्षा देने की छूट मिलती थी, जो मुख्य परिणाम घोषित होने के लगभग दो महीने के भीतर आयोजित की जाती थी। लेकिन अब इस नियम को सख्त करते हुए तुरंत अंक सुधारने की यह सुविधा केवल एक विषय तक सीमित कर दी गई है।

अगर कोई छात्र एक से अधिक विषयों में अपने नंबर सुधारना चाहता है, तो उसे अब लंबा इंतजार करना होगा। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि एक से ज्यादा विषयों में इंप्रूवमेंट चाहने वाले छात्रों को अगले साल आयोजित होने वाली मुख्य (मेन) बोर्ड परीक्षा में बैठना होगा। इसका सीधा मतलब यह है कि जो छात्र दो या उससे अधिक विषयों में अपने अंक बढ़ाना चाहते हैं, उन्हें पहले की तरह तुरंत सप्लीमेंट्री परीक्षा देने का विकल्प नहीं मिलेगा।


No comments

Powered by Blogger.