बाबासाहेब कहते थे कि हमारी पहचान जाति, भाषा या क्षेत्र से नहीं, बल्कि भारतीय होने से - योगी
लखनऊ।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि जन्म से लेकर जीवन के अंतिम क्षण तक हर व्यक्ति की पहचान एक भारतीय के रूप में होनी चाहिए। उन्होंने यह बात उत्तर प्रदेश होमगार्ड के 63वें स्थापना दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर का महापरिनिर्वाण दिवस सभी को प्रेरणा देता है। सीएम योगी ने कहा बाबासाहेब कहते थे कि हमारी पहचान हमारे परिवार, जाति, भाषा या क्षेत्र से नहीं, बल्कि भारतीय होने से है। जन्म से लेकर जिंदगी के आखिरी सफर तक यह भावना हर भारतीय में होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि संविधान निर्माता आंबेडकर ने समाज को समानता और एकता का मार्ग दिखाया, जिसे आज भी देश आत्मसात कर रहा है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश होमगार्ड की स्थापना 6 दिसंबर 1963 को हुई थी और तब से यह संगठन पुलिस बल का ‘‘अटूट सुरक्षा कवच’’ और ‘‘मजबूत सहायक तंत्र’’ रहा है। उन्होंने कहा कि कभी होमगार्ड कर्मियों को नजरअंदाज किया जाता था, लेकिन अब उन्हें राष्ट्रपति सम्मान सहित कई राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कार मिल रहे हैं। सीएम योगी ने कार्यक्रम में सम्मानित सभी अधिकारियों और कर्मियों को बधाई भी दी।
.jpg)
No comments