ओरछा में श्री राम राजा लोक के दूसरे चरण के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन
निवाड़ी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को निवाड़ी जिले के ओरछा में श्री राम राजा लोक के दूसरे चरण के निर्माण कार्यों के भूमिपूजन सहित अन्य विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने ओरछा के प्रमुख मंदिर पहुंचकर श्री राम राजा सरकार के दरबार में दर्शन कर पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने श्रीराम राजा लोक के भव्य निर्माण के लिए पहले चरण में मंजूर एवं वर्तमान में निर्माणाधीन कार्यों का मौके पर जाकर अवलोकन भी किया।
यादव ने कहा है कि श्री राम का नाम ही काफी है। यथा नाम तथा गुण। राम अपने गुणों से, अपने आचरण से, अपनी पितृभक्ति से और प्रजा जन का पालनहार बनकर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम बने। ओरछावासी बड़े ही भाग्यशाली हैं कि भगवान श्रीराम ने अपने दरबार के लिए ओरछा को चुना। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ओरछा के साथ चित्रकूट में भी करीब 2200 करोड़ रूपए के निर्माण कार्य चल रहे हैं। श्रीराम वन गमन पथ और श्रीकृष्ण के लीला स्थलों को तीर्थ क्षेत्र बनाया जाएगा। इसके लिए सरकार ने राशि मंजूर कर दी है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश इलेक्ट्रानिक विकास निगम एवं एक एनजीओ के बीच करार की प्रक्रिया पूरी होने पर संस्था को लेटर ऑफ अवार्ड भी प्रदान किया।

No comments