मध्यप्रदेश का पर्यटन बना रहा सशक्त वैश्विक पहचान -पर्यटन राज्य मंत्री लोधी
भोपाल।
मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा आयोजित मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट 2025 का तीन दिवसीय आयोजन संपन्न हुआ। मार्ट में 27 देशों से आए 100 से अधिक अंतर्राष्ट्रीय टूर ऑपरेटर्स, भारत के विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों, होटलियर्स, निवेशकों और 700 से अधिक प्रतिभागी शामिल हुए। कार्यक्रम के समापन अवसर पर सर्वश्रेष्ठ स्टॉल पुरस्कार श्रेणी में प्रथम पुरस्कार शंभाला रिसोर्ट (भोपाल), द्वितीय पुरस्कार यार नगर जंगल रिसोर्ट (बुधनी) और तृतीय पुरस्कार एन्चांटिंग मध्यप्रदेश (ग्वालियर) को प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त प्रायोजकों, ग्रामस्टे और होमस्टे संचालकों को भी सम्मानित किया गया।
पर्यटन, संस्कृति और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने कहा कि पर्यटन क्षेत्र देश के सबसे तेज़ी से विकसित होते क्षेत्रों में से एक बनकर उभरा है, जो हमारे राज्य की असीम संभावनाओं का प्रमाण है। विविध प्राकृतिक सौंदर्य, पवित्र आध्यात्मिक स्थलों, समृद्ध वन्य जीवन और गौरवशाली विरासत से परिपूर्ण मध्यप्रदेश सदैव दुनिया भर के यात्रियों को आकर्षित करता रहा है। पर्यटकों की लगातार बढ़ती संख्या से हमारा राज्य एक सशक्त वैश्विक पहचान बना रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का उनके गतिशील नेतृत्व और सतत सहयोग के लिए हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ। नई पर्यटन एवं फिल्म नीतियों के माध्यम से मध्यप्रदेश आने वाले समय में नई ऊचाइयाँ प्राप्त करेगा।
अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति, गृह और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व तथा प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड शिव शेखर शुक्ला ने कहा कि मध्यप्रदेश में सभी अतिथियों का आतिथ्य सत्कार करना हमारे लिए अत्यंत रोमांचक और गर्व का अनुभव रहा है। पर्यटन उद्योग के हितधारकों को एक मंच पर लाने का सपना ‘मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट’ के माध्यम से साकार हुआ है। यहाँ संवाद, साझेदारियाँ और सहयोग वास्तव में प्रशंसनीय हैं। अपर मुख्य सचिव श्री शुक्ला ने सभी टूर ऑपरेटर और होटलियर से आग्रह किया कि अधिक से अधिक पर्यटकों को मध्यप्रदेश भेजें, हम सदैव उन्हें खुले दिल से स्वागत करने और यादगार अनुभव देने के लिए तत्पर रहेंगे।
फॉरेन टूर ऑपरेटर्स ने रखे विचार
वेल्स बेकन्स लिमिटेड (यूके) के निदेशक एरिक हॉलीडे ने कहा कि यह अनुभव अद्भुत और वास्तव में अविस्मरणीय रहा। उद्घाटन समारोह जीवंत, प्रामाणिक और अत्यंत प्रेरणादायक रहा। मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट वास्तव में भारत के हृदय को दर्शाता है।” एनईआई यूके के निदेशक श्री पीटर रीज़-जोन्स ने कहा कि दशकों पहले पहली बार भारत आने के बाद अब लौटकर आना और पर्यटन के क्षेत्र में हुई अभूतपूर्व प्रगति को देखना अद्भुत अनुभव है। मध्यप्रदेश की गर्मजोशी, आध्यात्मिकता और विविधता इसे वैश्विक यात्रियों के लिए एक उत्कृष्ट गंतव्य बनाती है। बी अवे एजेंसी, बोर्डो (फ्रांस) की सुश्री ऑरेलि डाइलैक ने कहा कि भारत में ऐसे प्रेरणादायक आयोजन में भाग लेना मेरे लिए पहली बार का अनुभव है। यह अनुभव असाधारण रहा और यहाँ आकर वास्तव में आभारी महसूस कर रही हूँ। फ्रांस भर में मध्यप्रदेश की सुंदरता और संस्कृति को प्रमोट करने के लिए उत्सुक हूँ।

No comments