मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बिलासपुर हादसे को लेकर जांच के सख्त निर्देश दिए
शिमला।
हिमाचल के बिलासपुर में हुए दर्दनाक बस हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है. हादसे के बाद प्रदेश सरकार हरकत में आ गई है. लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हादसे की जानकारी मिलते ही उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री रात को ही मौके पर पहुंच गए थे. वहीं, वे खुद लगातार प्रशासन और विभाग के अफसरों से संपर्क में हैं ताकि राहत और बचाव कार्य तेजी से पूरे हो सकें.
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि इस हादसे को लेकर जांच के सख्त निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने बताया कि जिस सड़क मार्ग पर यह हादसा हुआ, वहां हाल ही में भूस्खलन (लैंडस्लाइड) हुआ था और स्थानीय लोगों ने इसे लैंडस्लाइड प्रोन एरिया घोषित करने की मांग भी की थी. मंत्री ने कहा कि अगर विभाग के पास पहले से शिकायत या जानकारी थी और फिर भी कोई कार्रवाई नहीं की गई, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. किसी की भी लापरवाही बख्शी नहीं जाएगी.
उन्होंने बताया कि प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के चलते कई जगहों पर भूस्खलन की घटनाएं बढ़ रही हैं. ऐसे में विभाग की ओर से ऐसे इलाकों को चिह्नित करने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश जारी किए जा रहे हैं ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से जान-माल का नुकसान न हो.
.jpg)
No comments