सरकार शुरू करेगी "उड़ान यात्री कैफे", वाजिब दामों पर मिलेगा खानपान ,राघव चड्ढा ने इस मुद्दे को संसद में उठाया
एयरपोर्ट्स पर महंगे खानपान से परेशान नागरिको के लिए राहत की खबर
नई दिल्ली।
देश के सभी एयरपोर्ट्स पर नागरिकों को अब पानी, चाय या कॉफी के लिए 100-250 रुपये तक खर्च नहीं करने पड़ेंगे। दरअसल एयरपोर्ट्स पर महंगे खानपान का मुद्दा लंबे समय से यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। अब सरकार ने इस मुद्दे पर संज्ञान लेते हुए "उड़ान यात्री कैफे" शुरू करने की योजना बनाई है। इसकी शुरुआत कोलकाता एयरपोर्ट से की जाएगी, जहां सस्ती दरों पर खान-पान उपलब्ध कराया जाएगा। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने घोषणा की है कि "उड़ान यात्री कैफे" की शुरुआत कोलकाता हवाई अड्डे से की जाएगी। आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने इस मुद्दे को संसद में उठाया था।
हालांकि, यह एक पायलट प्रोजेक्ट होगा, जिसे बाद में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) के अन्य हवाई अड्डों पर भी लागू किया जाएगा। इस कैफे में पानी की बोतल, चाय, कॉफी और स्नैक्स वाजिब दामों पर उपलब्ध होंगे, जिससे यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।
क्या कहा था राघव चड्डा ने
संसद के शीतकालीन सत्र में आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने इस मुद्दे को पुरजोर तरीके से उठाते हुए एयरपोर्ट्स पर महंगे दामों पर मिलने वाले पानी, चाय और स्नैक्स की समस्या को उजागर किया था। उन्होंने कहा था कि एयरपोर्ट्स पर पानी की बोतल 100 रुपये की मिल रही है। एक कप चाय के लिए भी 200-250 रुपये खर्च करने पड़ते हैं। क्या सरकार एयरपोर्ट्स पर सस्ते और उचित मूल्य की कैंटीन शुरू नहीं कर सकती?"

No comments