Header Ads

Header ADS

वक्फ संशोधन आम मुसलमानो के हित में, वे इसके समर्थन में उठाए आवाज- शाज़िया इल्मी

   


 महिला डॉक्टर से सामूहिक दुष्कर्म और हत्या की घटना पर ममता सरकार को घेरा 



भोपाल। सूर्यप्रभात 

भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता शाज़िया इल्मी ने कहा कि वक्फ बोर्ड की जमीनों के आकलन के बाद पता चल रहा है कि देश में मुसलमान सबसे अमीर कम्युनिटी है। सेना और रेलवे के बाद सबसे ज्यादा जमीन मुसलमानों के पास है, जिसका बाजार मूल्य लगभग डेढ़ लाख करोड़ के आसपास है, लेकिन इस पर केवल 150 परिवारों का दबदबा है।  उन्होंने इससे कितने स्कूल और कालेज खोले है। अब यह बात मुसलमानों को समझना चाहिए कि मोदी सरकार द्वारा जो संशोधन किया जा रहा है, वो आम मुसलमानों  के लिए सबसे ज्यादा फायदेमंद है। इसलिए अब मुसलमानो की और से इसके समर्थन में आवाज आनी चाहिए। इल्मी ने यह भी माना कि इसके खिलाफ सबसे ज्यादा याचिका लगाने वाले भी मुसलमान ही है। शाजिया इल्मी शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकार-वार्ता को संबोधित कर रही थी। 

दुष्कर्मियों को बचाना, उन्हें संरक्षण देना ममता सरकार का पुराना रिकॉर्ड 

इल्मी ने कोलकाता में महिला डॉक्टर से सामूहिक दुष्कर्म और हत्या की घटना पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि कोलकाता में महिला डॉक्टर से सामूहिक दुष्कर्म और हत्या की बर्बरतापूर्ण घटना ममता सरकार के जमीर पर धब्बा है। आरोपियों पर कार्रवाई करने की बजाय मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बचाने में लगी है। दुष्कर्मियों को बचाना, उन्हें संरक्षण देना ममता सरकार का पुराना रिकॉर्ड रहा है ।


घटना के संबंध में भगवान राम का नाम लिया जाना अत्यंत शर्मनाक 

शाज़िया इल्मी ने कहा कि महिला चिकित्सक के साथ हुई बर्बरता के दोषियों पर कार्रवाई की बजाय मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इसके लिए राम, श्याम और वाम को जिम्मेदार बता रही हैं। राम किसी एक पार्टी या धर्म के नहीं, पूरे देश के हैं। इस घटना के संबंध में भगवान राम का नाम लिया जाना अत्यंत शर्मनाक है। ममता बनर्जी को इस देश को यह बताना होगा कि उन्हें राम से इतना बैर क्यों है? 

No comments

Powered by Blogger.