विशाल तिरंगा यात्रा : मुख्यमंत्री–विधायक सहित 70 हजार लोग होंगे शामिल
पुलिस कमिश्नर–विधायक ने किया तिरंगा यात्रा रूट का निरीक्षण*
यात्रा मार्ग में 500 से अधिक स्थानों पर होगा स्वागत
भोपाल। सूर्य प्रभात
भारत की विशाल तिरंगा यात्रा 14 अगस्त को भोपाल में सुबह 10 बजे मुखर्जी नगर कोलार से निकलकर 30 किमी का रूट तय कर संतनगर स्थित भैंसाखेड़ी गल्ला मंडी तक जाएगी। यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, विधायक रामेश्वर शर्मा सहित 70 हजार लोग शामिल होंगे। "कर्मश्री" संस्था अध्यक्ष विधायक रामेश्वर शर्मा ने बताया कि "हर घर तिरंगा अभियान" और "अखंड भारत संकल्प दिवस" के तारतम्य में यह यात्रा निकाली जा रही है। जिसके लिए भव्य तैयारियां की गई है। यात्रा में शामिल होने के लिए कल तक लगभग 35 हजार वाहनों का पंजीयन हो चुका था। यात्रा में दुपहिया पर सवार लगभग 70 हजार देशभक्त हाथों में तिरंगा चलेंगे। तिरंगा यात्रा के स्वागत के लिए पूरे यात्रा मार्ग के 500 से अधिक स्थानों पर स्वागत मंच सजाए गए हैं। इन स्वागत मंचों पर खड़े होकर समाज के विभिन्न वर्गों के लोग तिरंगा यात्रियों का स्वागत करेंगे। संस्था कर्मश्री द्वारा पिछले 10 वर्षों से लगातार निकाली जा रही है यह यात्रा इस बार और अधिक भव्य होगी। यात्रा को भव्यता प्रदान करने के लिए अनूठे प्रयोग किए गए हैं। यात्रा में महापुरुषों का वेश धरे युवा आकर्षण का केंद्र होंगे।
पुलिस कमिश्नर–विधायक ने किया तिरंगा यात्रा रूट का निरीक्षण*
यात्रा की भव्यता को देखते हुए आयोजक संस्था और प्रशासन द्वारा जबरदस्त तैयारियां की गई है। इसी तारतम्य में मंगलवार को अपरान्ह पुलिस आयुक्त हरिनारायण चारी मिश्र और विधायक रामेश्वर शर्मा ने यात्रा के आरंभ स्थल पर चल रही तैयारियों का अन्य अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आरंभ स्थल मदर टेरेसा स्कूल के सामने बन रहे मंच और गैलरी का निरीक्षण किया। पुलिस आयुक्त श्री मिश्र ने यात्रा के आयोजक विधायक रामेश्वर शर्मा से यात्रा के आरंभ स्थल से लेकर पूरे रूट की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। श्री शर्मा ने उन्हें मंच की व्यवस्था और मंचित कार्यक्रम और इसके उपरांत यात्रा शुरू करने की योजना के बारे में विस्तार से अवगत कराया। श्री शर्मा ने पुलिस आयुक्त से ट्रैफिक और व्यवस्थाओं को लेकर भी चर्चा की। इस पर पुलिस आयुक्त ने साथ मौजूद अधिकारियों को विधायक के कहे अनुसार व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। पुलिस आयुक्त, विधायक और अन्य प्रशानिक अधिकारी तिरंगा यात्रा आरंभ स्थल से रूट पर लगभग आधा किमी तक पैदल चले और आवश्यकताओं के समझ कर व्यवस्थाओं के बारे में संबंधित अमले को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
फूलों के बजाए तिरंगा हाथों में लेकर स्वागत की अपील*
"कर्मश्री" अध्यक्ष विधायक रामेश्वर शर्मा ने यात्रा के स्वागत के लिए आने वाले लोगों से हाथों में तिरंगा लेकर आने की अपील की है। उन्होंने कहा कि फूलों के बजाय हाथों में तिरंगा लेकर तिरंगा यात्रा का स्वागत करेंगे तो नजारा और अद्भुत होगा। जिससे नई पीढ़ी को देशभक्ति की प्रेरणा मिलेगी।

No comments