कृषक उन्नति योजना लागू करने का महत्वपूर्ण निर्णय
रायपुर
छत्तीसगढ़ की साय सरकार ने लोकसभा चुनाव के पहले मंत्रिमंडल की कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। विधानसभा चुनाव में मोदी की गारंटी का वादा करने वाली बीजेपी सरकार ने एक और गारंटी को पूरा किया है। कैबिनेट की बैठक में किसानों के हित में एक बड़ा फैसला लिया गया है। बीजेपी सरकार ने खरीफ 2023-24 से कृषक उन्नति योजना लागू करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। बता दें कि राज्य के किसानों के हित में फसल उत्पादन और उत्पादकता को बढ़ाने के लिए, फसल की लागत में कमी करने के लिए यह योजना लागू की गई है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में मंत्रिमंडल की बैठक हुई। जिसमें खरीफ वर्ष 2023-24 से 'कृषक उन्नति योजना' लागू करने का निर्णय लिया गया। मंत्रिपरिषद द्वारा यह निर्णय लिया गया कि कृषक उन्नति योजना के क्रियान्वयन संबंधी प्रस्ताव अनुसार खरीफ वर्ष 2023 में धान खरीदी के आधार पर किसानों को प्रति एकड़ 19,257 रूपए के मान से आदान सहायता राशि प्रदाय की जाएगी और उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई करने हेतु विभाग को अधिकृत किया जाएगा।

No comments