महाशिवरात्रि पर 'शैतान' सिनेमाघरों में रिलीज , शोज में बढ़िया रेस्पॉन्स मिला
अजय देवगन और आर माधवन की फिल्म 'शैतान' सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। महाशिवरात्रि के मौके पर 8 मार्च को रिलीज इस फिल्म को सुबह के शोज में बढ़िया रेस्पॉन्स मिला है। सिनेमाघरों में जहां सुबह और दोपहर के शोज में करीब 20% सीटों पर दर्शक नजर आए हैं, वहीं एडवांस बुकिंग के आंकड़े यह बता रहे हैं कि फिल्म ओपनिंग डे पर बढ़िया कमाई करने वाली है। ट्रेलर लॉन्च के बाद से ही इस साइकोलॉजिकल-सुपरनैचुरल-थ्रिलर फिल्म को लेकर लोगों में उत्साह रहा है, ऐसे में जाहिर तौर पर दर्शक फिल्म से उम्मीदें लगाए बैठे हैं।साल 2024 के पहले दो महीने बॉक्स ऑफिस के लिए अच्छे तो रहे, लेकिन बहुत अच्छे नहीं रहे। 'फाइटर' और 'तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया' जैसी फिल्मों कमाई तो की, लेकिन हिट नहीं हो पाईं। जबकि 'लापता लेडीज' और 'आर्टिकल 370' जैसी फिल्मों को तारीफ खूब मिली, लेकिन कमाई की कसौटी पर इनका दारोमदार बंपर नहीं रहा है। ऐसे में अजय देवगन की सुपरनैचुरल-हॉरर थ्रिलर 'शैतान' उम्मीद बनकर आई है। विकास बहल के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म का बजट 60-65 करोड़ रुपये है। ऐसे में यदि इस मिड बजट फिल्म को दर्शक प्यार देते हैं, तो यह कमाल कर सकती है।
माधवन और जानकी की एक्टिंग की हो रही है तारीफ
'शैतान' में अजय देवगन और आर माधवन के अलावा ज्योतिका और जानकी बोडीवाला भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फर्स्ट डे, फर्स्ट शो देखकर निकले दर्शकों और फैंस ने जहां फिल्म की तारीफ की है, वहीं समीक्षकों ने इसे ठीक-ठाक बताया है। हां, माधवन और जानकी की एक्टिंग की सबसे अधिक तारीफ हो रही है।

No comments