मध्यप्रदेश पुलिस में सामुदायिक मध्यस्थता को मिलेगा नया आयाम
भोपाल
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने, पुलिस एवं आमजन के बीच विश्वास और सहभागिता को मजबूत करने तथा स्थानीय स्तर पर उत्पन्न होने वाले विवादों का संवाद एवं आपसी सहमति से समाधान तलाशने के उद्देश्य से 40 घंटे का सामुदायिक मध्यस्थता प्रशिक्षण कार्यक्रम आज भोपाल में प्रारंभ हुआ। पांच दिवसीय यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 25 से 29 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर द्वारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भोपाल के सहयोग से आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (MP-CST), विज्ञान भवन, नेहरू नगर, भोपाल में संचालित किया जा रहा है। प्रशिक्षण का स्वरूप ऑफलाइन रखा गया है। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भोपाल के सचिव श्री हिमांशु कौशल ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उद्देश्यों की जानकारी दी।
मनोज कुमार श्रीवास्तव, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, भोपाल ने कहा कि मध्यस्थता केवल दो पक्षों के बीच समझौता कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि विवाद के मूल कारणों को समझकर स्थायी समाधान तलाशना इसका महत्वपूर्ण उद्देश्य है। विशेष रूप से पारिवारिक विवादों में दोनों पक्षों की भावनाओं और परिस्थितियों को समझना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बच्चों, पति-पत्नी, माता-पिता और अन्य पारिवारिक सदस्यों से जुड़े विवादों में संवेदनशीलता के साथ उनकी बात सुनकर समाधान का प्रयास करना चाहिए। प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागियों को मध्यस्थता के मूलभूत सिद्धांतों, सीखने एवं प्रशिक्षण की प्रक्रिया, संघर्ष प्रबंधन एवं समाधान, वैकल्पिक विवाद समाधान (ADR), मध्यस्थता एवं न्यायिक प्रक्रिया के बीच अंतर, मध्यस्थ की भूमिका तथा मध्यस्थता की विभिन्न तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही विशेषज्ञों द्वारा व्यावहारिक सत्र एवं रोल-प्ले के माध्यम से प्रतिभागियों को वास्तविक परिस्थितियों में विवादों के समाधान का अभ्यास भी कराया जाएगा।
No comments