Header Ads

Header ADS

आउटसोर्स कर्मचारी बाहर नहीं होंगे, वर्तमान व्यवस्था रहेगी जारी : मुख्यमंत्री डॉ. यादव


 कर्मचारी कल्याण के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध

विभागों में पदोन्नति से युवा, ऊर्जावान कर्मचारियों की संख्या में हुई वृद्धि

भोपाल। 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आउटसोर्स कर्मचारियों को बाहर करने के संबंध में फैलाई जा रही बात भ्रामक है, राज्य सरकार कर्मचारी कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्पष्ट किया कि किसी भी आउट सोर्स कर्मचारी को बाहर नहीं किया जाएगा। आउटसोर्स कर्मचारियों की नियुक्ति के संबंध में वर्तमान में जारी व्यवस्था कायम रहेगी। यादव मुख्यमंत्री निवास (संवाद भवन) में मंगलवार को विभिन्न कर्मचारी संगठनों द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे। 

इस अवसर पर मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी कल्याण आयोग के अध्यक्ष रमेश शर्मा के नेतृत्व में लगभग 40 कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का स्वागत किया। साथ ही शासकीय सेवाओं में नियुक्ति और कार्यरत कर्मचारियों के लिए दो संतान की सीमा की नीति को अनिवार्यत: समाप्त करने, पदोन्नति, वेतन भत्तों में वृद्धि सहित अनेक कल्याणकारी निर्णयों के लिए कर्मचारी संगठनों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आभार व्यक्त किया।

कर्मचारियों का सम्मान और आर्थिक सुरक्षा महत्वपूर्ण

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार नीतियां बनाती है, योजनाएं तैयार करती है, लेकिन उन्हें लागू कर अंतिम पंक्ति के जरूरतमंद को लाभ हमारे कर्मचारी ही दिलवाते हैं। राज्य सरकार ने शासकीय सेवकों के लिए दो बच्चे की सीमा की नीति को समाप्त करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। इसी प्रकार सहायक ग्रेड-3 के समकक्ष पदोन्नति में कुछ शर्तों के साथ सीपीसीटी की अर्हता से छूट दी गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में रिक्त पदों पर भर्तियों का क्रम जारी रहेगा। प्रदेश के सभी विभागों में एक लाख से अधिक अधिकारियों-कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिला है। इससे परिणामस्वरूप कई विभागों में युवा ऊर्जावान कर्मचारियों की संख्या में वृद्धि हुई है।

 अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों का तेजी से किया जा रहा है निराकरण

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने कर्मचारियों के लिए कम्प्यूटर प्रोफेशियन्सी सार्टिफिकट टेस्ट सहित लगभग 26 प्रकार के भत्तों का पुनरीक्षण किया है। कर्मचारियों को मिलने वाले वेतन भत्तों में कोई विलंब नहीं होना चाहिए। दिवंगत शासकीय सेवकों के परिवार की सहायता के लिए अनुकम्पा नियुक्ति के प्रकरणों का तेजी से निराकरण किया जा रहा है। इसमें विभागों के बीच प्रतिस्पर्धा शुरू हो गई है। स्कूल शिक्षा विभाग ने ही एक हजार से अधिक अनुकंपा नियुक्ति दी हैं। 

No comments

Powered by Blogger.