वैभव सूर्यवंशी ने 53 गेंदों में बनाए 204 रन, बल्ले से रिकॉर्ड 28 छक्के निकले, बिहार में जश्न
नई दिल्ली।
15 वर्षीय भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के खिलाफ राइजिंग स्टार्स एशिया कप में ऐतिहासिक पारी खेलते हुए लिस्ट ए क्रिकेट के कई रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए। उन्होंने महज 53 गेंदों में 204 रन ठोक दिए। इस दौरान उनके बल्ले से रिकॉर्ड 28 छक्के निकले। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर भारत ए ने 250 रन का लक्ष्य केवल 14.2 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया और सात विकेट से शानदार जीत दर्ज की।
वैभव ने 384.90 के असाधारण स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए सात चौके और 28 छक्के लगाए। उनके 204 रनों में से 196 रन चौकों और छक्कों से आए। वह 13वें ओवर में आउट हुए, तब तक भारत ए के खाते में 245 रन जुड़ चुके थे। जीत के लिए केवल पांच रन की जरूरत थी। वैभव एक और छक्का लगाकर मुकाबला खत्म करना चाहते थे, लेकिन लॉन्ग ऑफ पर कैच दे बैठे।इस पारी के साथ वैभव ने लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक और सबसे तेज दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
समस्तीपुर के खेल प्रेमियों में उत्साह, नई पहचान मिली
महज 15 वर्ष की आयु में बड़े रिकॉर्ड बनाने वाले वैभव सूर्यवंशी की उपलब्धि से समस्तीपुर के खेल प्रेमियों में भारी उत्साह है. जिले के लोगों को अपने युवा सितारे पर गर्व है, जिसने अपनी बल्लेबाजी से विश्व क्रिकेट में अमिट छाप छोड़ी है. दोहा में लगे 28 छक्कों की गूंज अब मोतीपुर से लेकर पूरे बिहार तक सुनाई दे रही है.
.jpg)
No comments