मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी : अब विद्युत सुरक्षा संबंधी शिकायतों का होगा त्वरित निराकरण
भोपाल।
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा उपभोक्ताओं की सुविधा एवं विद्युत सुरक्षा संबंधी शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से विद्युत सुरक्षा संबंधी शिकायतें दर्ज करने की सुविधा विकसित की गई है। इस सुविधा के माध्यम से उपभोक्ता विद्युत सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं की शिकायत दर्ज करा सकेंगे, जिससे संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों एवं टीमों को तत्काल सूचना भेजकर शिकायतों के निराकरण की प्रभावी निगरानी की जा सकेगी।
कंपनी द्वारा उपभोक्ताओं को विद्युत सुरक्षा संबंधी शिकायतें दर्ज कराने के लिए विभिन्न माध्यम उपलब्ध कराए गए हैं। उपभोक्ता *Upay एप्लिकेशन (गूगल प्ले स्टोर/आईओएस ऐप स्टोर)*, कंपनी के पोर्टल (https://portal.mpcz.in) अथवा कंपनी के कॉल सेंटर 1912* के माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकते हैं। कॉल सेंटर के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने पर फोटो एवं लोकेशन अपलोड करने के लिए आवश्यक लिंक एसएमएस के जरिए उपलब्ध कराया जा रहा है।
शिकायत दर्ज करते समय मोबाइल में GPS लोकेशन चालू रखना आवश्यक
विद्युत सुरक्षा संबंधी शिकायत दर्ज करते समय उपभोक्ताओं के मोबाइल फोन में GPS लोकेशन चालू (Enabled) होना आवश्यक है। इसके साथ ही उपभोक्ताओं को संबंधित स्थल की दो फोटो तथा समस्या का संक्षिप्त विवरण दर्ज करना होगा। इससे शिकायत के स्थान एवं समस्या की प्रकृति की सटीक जानकारी संबंधित अधिकारियों और टीमों को प्राप्त हो सकेगी तथा आवश्यक कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।
विद्युत सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें, दुर्घटनाओं से बचें
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि विद्युत तार टूटने, विद्युत पोल झुकने, खुले विद्युत तार, स्पार्किंग अथवा अन्य किसी भी प्रकार की विद्युत सुरक्षा संबंधी समस्या दिखाई देने पर स्वयं विद्युत लाइन या उपकरण को छूने का प्रयास न करें। ऐसी स्थिति में विद्युत लाइनों एवं उपकरणों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा कंपनी के उपलब्ध माध्यमों से तत्काल शिकायत दर्ज कराएं। समय पर सूचना मिलने से विद्युत सुरक्षा संबंधी समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण में सहायता मिलेगी।
.jpg)
No comments