यूपी के सभी 75 जिलों में बनेंगे सरदार पटेल स्किल एंड एम्प्लॉयमेंट जोन: सीएम योगी
लखनऊ।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लखनऊ के लोकभवन में लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर 1,725 करोड़ रुपए की लागत वाली ‘सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार क्षेत्र विकास योजना’ का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि प्रदेश के सभी 75 जिलों में सरदार वल्लभभाई पटेल स्किल एंड एम्प्लॉयमेंट जोन विकसित किए जाएंगे। पहले चरण में गोरखपुर, लखनऊ, कानपुर, झांसी और गौतमबुद्धनगर से इसकी शुरुआत होगी। योजना का उद्देश्य युवाओं को उनकी रुचि और योग्यता के अनुसार कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार उपलब्ध कराना और उत्तर प्रदेश को ग्लोबल मैनपावर हब के रूप में विकसित करना है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले चरण में पांच जिलों में कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार केंद्र विकसित किए जा रहे हैं। इसके बाद सभी 18 मंडल मुख्यालयों और फिर प्रदेश के प्रत्येक जिले तक योजना का विस्तार किया जाएगा। सभी 18 मंडल मुख्यालयों के लिए धनराशि की व्यवस्था पहले ही की जा चुकी है। जमीन उपलब्ध होते ही केंद्रों का निर्माण शुरू कराया जाएगा। अगले तीन वर्षों में प्रदेश के सभी 75 जिलों को इन रोजगार जोन से जोड़ने का लक्ष्य है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इन केंद्रों पर युवाओं का पंजीकरण, उनकी रुचि और योग्यता के अनुसार कौशल प्रशिक्षण तथा रोजगार की व्यवस्था एक ही छत के नीचे होगी। प्रत्येक केंद्र पर डेडिकेटेड प्लेसमेंट सेल बनाया जाएगा। दूरदराज से आने वाले युवाओं के लिए हॉस्टल की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। हाईस्कूल पास कोई युवा रोजगार चाहता है तो उसका पंजीकरण कराकर रुचि के अनुसार प्रशिक्षण दिया जाएगा और फिर संस्थान, फैक्ट्री अथवा अन्य क्षेत्रों में प्लेसमेंट कराया जाएगा।
.jpg)
No comments