मप्र पर्यटन की प्रमोशनल फिल्म ‘द सितारिस्ट’ को ई-4 एम प्राइमटाइम अवार्ड्स में मिला गोल्ड अवॉर्ड
भोपाल।
मध्य प्रदेश पर्यटन की प्रदेश के नैसर्गिक सौंदर्य, वैभवशाली इतिहास और समृद्ध संस्कृति को प्रदर्शित करती प्रमोशनल फिल्म ‘द सितारिस्ट’ को ई-4 एम प्राइमटाइम अवार्ड्स में गोल्ड अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। अवॉर्ड समारोह का आयोजन गत 30 सितंबर को मुंबई में हुआ था। मप्र पर्यटन विभाग के सचिव एवं पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी. ने शुक्रवार को कहा की फिल्म को उत्कृष्ट रचनात्मकता और प्रभावी संचार के लिए यह प्रतिष्ठित अवॉर्ड प्रदान किया गया है।
फिल्म के माध्यम से मध्य प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक परंपराओं, प्राकृतिक सौंदर्य और विविध पर्यटन अनुभवों को आधुनिक, भावनात्मक और आकर्षक अंदाज में सामने रखा गया है। प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा ने कहा कि मध्य प्रदेश की पहचान केवल इसके प्राकृतिक सौंदर्य और ऐतिहासिक धरोहरों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसकी समृद्ध कला, संस्कृति, संगीत और परंपराएं भी इसकी विशिष्ट पहचान हैं। ‘द सितारिस्ट’ इसी सांस्कृतिक विविधता और पर्यटन वैभव को एक संवेदनशील एवं रचनात्मक दृष्टिकोण से प्रस्तुत करने का प्रयास है।
No comments