पंजाब यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी की लगातार दूसरी जीत, अमित शाह और पीयूष गोयल ने दी बधाई
चंडीगढ़।
पंजाब यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की है। इस जीत पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने एबीवीपी के कार्यकर्ताओं को बधाई दी। दोनों नेताओं ने इसे युवाओं के विश्वास, कार्यकर्ताओं की मेहनत और छात्रहित के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता की जीत बताया।
अमित शाह ने दी कार्यकर्ताओं को बधाई
अमित शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एबीवीपी की जीत पर बधाई देते हुए कहा कि पंजाब यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव में परिषद की शानदार जीत पर सभी कार्यकर्ता बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि लगातार दूसरी बार मिली यह जीत युवा शक्ति के ‘राष्ट्र प्रथम’ की विचारधारा पर अटूट विश्वास का प्रमाण है।
स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलने की अपील
अमित शाह ने विश्वास जताया कि एबीवीपी के कार्यकर्ता स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलते हुए छात्रहित के लिए निरंतर संकल्पित भाव से काम करते रहेंगे। उन्होंने संगठन के कार्यकर्ताओं को छात्र हितों के लिए सक्रिय रहने की शुभकामनाएं दीं।
पीयूष गोयल ने भी दी बधाई
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भी एबीवीपी की लगातार दूसरी जीत पर कार्यकर्ताओं को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह जीत केवल चुनावी सफलता नहीं है, बल्कि विश्वविद्यालय के युवाओं के विश्वास और परिषद के कार्यकर्ताओं की वर्षों की मेहनत, प्रतिबद्धता तथा छात्रहित के प्रति समर्पण की जीत है।
विद्यार्थियों की आवाज बनने का आह्वान
पीयूष गोयल ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरित होकर एबीवीपी पंजाब के कार्यकर्ता इसी ऊर्जा के साथ विद्यार्थियों की आवाज बनें। उन्होंने छात्रहित के लिए लगातार सक्रिय रहने और विश्वविद्यालय के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया।
1949 में हुई थी एबीवीपी की स्थापना
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की स्थापना 9 जुलाई 1949 को हुई थी। संगठन के संस्थापक बलराज मधोक और मुख्य कार्यवाहक प्रो. यशवंतराव केलकर बताए जाते हैं। संगठन का ध्येय वाक्य ‘ज्ञान, शील और एकता’ है और इसका प्रमुख उद्देश्य राष्ट्रीय पुनर्निर्माण बताया जाता है।

No comments