दतिया उपचुनाव में हार के बाद एक्शन मोड़ में भाजपा, मुख्यमंत्री आवास पर हुआ मंथन
भोपाल।
दतिया विधानसभा उपचुनाव में हार के बाद भाजपा में हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री आवास पर मंगलवार को उच्चस्तरीय बैठक में हार के कारणों और भीतरघात की शिकायतों पर मंथन हुआ। वहीं, चुनाव परिणामों की समीक्षा के लिए दो सदस्यीय जांच समिति गठित की है। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा, चुनाव प्रभारी भारत सिंह कुशवाह और मंत्री राव उदय प्रताप सिंह समेत करीब दो दर्जन वरिष्ठ नेता शामिल हुए। पार्टी के पराजित उम्मीदवार आशुतोष तिवारी ने भी बैठक में पहुंचकर संगठन के भीतर हुए कथित भीतरघात और भितरघातियों से जुड़े ऑडियो साक्ष्य प्रस्तुत किए।
हार के बाद भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने परिणामों का विश्लेषण करने के लिए दो सदस्यीय समिति का गठन किया है। समिति में भाजपा के प्रदेश महामंत्री गौरव रणदीवे और वरिष्ठ नेता अंबाराम कराड़ा को शामिल किया गया है। दोनों नेता चुनाव से जुड़े जिम्मेदार पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ नेताओं से चर्चा कर हार के कारणों का विस्तृत विश्लेषण करेंगे।
दतिया में बुधवार को कांग्रेस का विजय जुलूस और धन्यवाद सभा
उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह की जीत के उपलक्ष्य में बुधवार को विजय जुलूस एवं धन्यवाद सभा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी और दतिया विधानसभा उपचुनाव के प्रभारी एवं विधायक सिद्धार्थ कुशवाह विशेष रूप से शामिल होंगे। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि नव निर्वाचित विधायक घनश्याम सिंह का जुलूस मार्ग में विभिन्न स्थानों पर नागरिकों और कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया जाएगा।
.jpg)
No comments