Header Ads

Header ADS

संगठन सर्वोपरि , निर्णय को माने सभी, नाराजगी है तो आपसी संवाद से करे दूर


भोपाल
। 

दतिया विधानसभा के उपचुनाव में पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने के बाद दतिया में मचे बवाल के बाद पार्टी नेतृत्व ने सभी को निर्णय मानने का स्पष्ट संदेश दिया है।  शनिवार को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर लिया गया निर्णय भारतीय जनता पार्टी का निर्णय है, जिसे सभी शिरोधार्य करते हैं। संगठन हमारे लिए सर्वोपरि है। पार्टी ने जो निर्णय लिया है, उसका सभी नेता और कार्यकर्ता पूर्ण निष्ठा के साथ पालन करेंगे। 

उन्होंने कहा कि डॉ. नरोत्तम मिश्रा भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ एवं अनुभवी नेता हैं। उन्होंने संगठन और सरकार में विभिन्न दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है तथा संगठन की कार्यप्रणाली से भली-भांति परिचित हैं। यदि कहीं किसी प्रकार की छोटी-बड़ी नाराजगी है, तो उसका समाधान पार्टी स्तर पर आपसी संवाद के माध्यम से कर लिया जाएगा। ऐसी कोई स्थिति नहीं बनेगी, जिससे संगठन प्रभावित हो।

विजयवर्गीय बोले - संगठन ने सोच-समझ कर लिया फैसला

उधर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मिश्रा का टिकट कटने पर कहा कि संगठन ने फैसला सोच-समझ कर लिया गया होगा। विजयवर्गीय ने कहा कि भाजपा में लोकतंत्र है। सभी को अपनी बात कहने का अधिकार है। भाजपा का कार्यकर्ता अनुशासित है कि उनके साथ बैठकर चर्चा होगी तो वे मान जाएंगे। नरोत्तम मिश्रा को मनाना पार्टी के लिए आसान है।

नरोत्तम पहुंचे भोपाल, कहा - कोई नाराजगी नहीं , पार्टी जो जिम्मेदारी देगी, उसे निभाएंगे

इस बीच टिकट कटने और सियासी बवाल के बीच पूर्व मंत्री और भाजपा नेता नरोत्तम मिश्रा भोपाल पहुंचे। भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने उन्हें निवास बुलाया जहां पार्टी दिग्गज हेमंत खंडेलवाल और अजय जामवाल भी मौजूद रहे। इस बीच नरोत्तम ने कहा कि पार्टी के फैसले से कोई नाराजगी नहीं है और पार्टी जो जिम्मेदारी देगी, उसे निभाएंगे।  उन्होंने अपने समर्थकों से धैर्य और संयम बनाए रखने की अपील की। 

No comments

Powered by Blogger.