मप्र से राज्यसभा की तीनों सीटें भाजपा की , निर्विरोध जीते उम्मीदवार
भोपाल।
मध्य प्रदेश से राज्यसभा की तीनों सीटें भारतीय जनता पार्टी के खाते में चली गई। पार्टी के तीनों उम्मीदवारों तरुण चुग, रजनीश अग्रवाल और महेश केवट को गुरुवार को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। राज्यसभा निर्वाचन के तय कार्यक्रम के अनुसार, उम्मीदवारी से नाम वापसी का गुरुवार को अंतिम दिन था। दोपहर 3 बजे नाम वापसी का समय समाप्त होने के बाद भाजपा के तीन उम्मीदवारों को निर्विरोध विजयी घोषित किया गया।
इन तीनों रिक्त होने वाली सीटों पर भाजपा के तीन उम्मीदवार-तरुण चुग, महेश केवट और रजनीश अग्रवाल तथा कांग्रेस की मीनाक्षी नटराजन ने नामांकन दाखिल किया था, लेकिन भाजपा की आपत्ति के बाद हलफनामे में अनियमितताएं पाए जाने के आधार पर कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन गत मंगलवार को खारिज कर दिया गया था।
विधायकों के साथ प्रदेश कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व पहुंचा दिल्ली
विधायकों के साथ प्रदेश कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व पहुंचा दिल्ली
कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने के विरोध में कांग्रेस आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाक़ात करेगी। इसके लिए समय मांगा गया है। मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने संघर्ष के अगले चरण में प्रवेश कर रही है। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश कांग्रेस के सभी विधायक दिल्ली में राष्ट्रपति से मुलाकात कर उन्हें जानकारी देंगे। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि जब चुनाव आयोग के पास हस्तक्षेप करने और निर्णय लेने के विशेष अधिकार हैं, तो फिर कांग्रेस की आपत्ति पर समय रहते फैसला क्यों नहीं लिया गया? आखिर भाजपा के मामलों में सक्रियता और कांग्रेस के मामले में चुप्पी क्यों?
.jpg)
No comments