Header Ads

Header ADS

सीएम चौधरी बोले - ग्राम पंचायतों में हर महीने होगा 'पंचायत विकास दिवस' कार्यक्रम


 
पटना। 

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुंगेर जिले के टेटिया बम्बर प्रखंड की टेटिया ग्राम पंचायत से 'पंचायत विकास दिवस' कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' को भी सुना। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब राज्य की सभी ग्राम पंचायतों में हर महीने के अंतिम रविवार को 'पंचायत विकास दिवस' आयोजित किया जाएगा। इससे साल में 12 बार पंचायत प्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण एक साथ बैठकर पंचायत के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे और स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए निर्णय लेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर महीने पंचायत विकास से जुड़े अलग-अलग विषयों और योजनाओं पर व्यापक चर्चा होगी। पहले 'पंचायत विकास दिवस' की थीम 'महिला हितैषी पंचायत' रखी गई है। इसका उद्देश्य पंचायतों को गरीबी मुक्त, स्वच्छ, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाना है। सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार पहले और तीसरे मंगलवार को सहयोग शिविर आयोजित करती है, जहां लोगों के सरकारी स्तर पर लंबित कार्यों का 30 दिनों के भीतर निपटारा किया जाता है। उन्होंने बताया कि अब तक करीब साढ़े तीन लाख से अधिक आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि उसी तर्ज पर पंचायत विकास दिवस भी ग्रामीण विकास का प्रभावी मंच बनेगा।

No comments

Powered by Blogger.