Header Ads

Header ADS

मप्र के ब्यावरा की महिलाओं ने प्लास्टिक कचरे से बदली शहर की सूरत, 'मन की बात' में प्रधानमंत्री ने की तारीफ


 राजगढ़/भोपाल। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा की महिलाओं के अनूठे प्रयास की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इन महिलाओं ने प्लास्टिक कचरे को समस्या नहीं, बल्कि समाधान का माध्यम बनाया और उसे रिसाइक्लिंग कर शहर के सौंदर्यीकरण में उपयोग किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि राजगढ़ में पिछले कुछ महीनों में सैकड़ों किलो प्लास्टिक का पुनर्चक्रण (रिसाइक्लिंग) कर उसका बेहतर उपयोग किया गया है। यानी जो प्लास्टिक पहले प्रदूषण फैलाता था, वही आज इन बहनों के प्रयास से शहर की सुंदरता बढ़ाने में योगदान दे रहा है। उन्होंने ब्यावरा की सभी बहनों और इस अभियान से जुड़े सभी लोगों को बधाई दी।

दरअसल, बाजार में गायों को पॉलीथिन खाते देखकर राजगढ़ जिले के ब्यावरा के कुछ युवाओं और महिलाओं ने ऐसा कदम उठाया . समिति के सदस्यों ने बताया कि बाजार और सड़कों पर फैली पॉलीथिन गौवंश के लिए जानलेवा बन रही थी। इसी समस्या को देखते हुए प्लास्टिक कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण और पुन: उपयोग का विचार आया। शुरुआत में पॉलीथिन को प्लास्टिक की बोतलों में भरकर ईको ब्रिक्स बनाई गईं और फिर इस अभियान का विस्तार होता गया।

बेकार प्लास्टिक से तैयार की कई उपयोगी सामग्री

समिति अब तक अनुपयोगी प्लास्टिक से कई उपयोगी उत्पाद तैयार कर चुकी है, जिनमें ट्री-गार्ड, ईको ब्रिक्स (730 से अधिक), डस्टबिन, पेपर तख्ती, कुर्सियां और टेबल, पौधों की क्यारियां, "आई लव ब्यावरा" स्ट्रक्चर, बैठने के लिए ईको ब्रिक्स से बने मुड्ढे आदि शामिल हैं। नगर पालिका के सहयोग से शहर में 11 बोतल बैंक और 2 पॉलीथिन बैंक भी स्थापित किए गए हैं।

No comments

Powered by Blogger.