मातृ वंदना योजना : छत्तीसगढ़ के महासमुंद में 27,053 माताओं को मिला लाभ
रायपुर।
केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में गर्भवती और धात्री महिलाओं के लिए यह बड़ी राहत साबित हो रही है। योजना के तहत महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान बेहतर पोषण, नियमित स्वास्थ्य जांच और सुरक्षित मातृत्व के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। इससे जिले की हजारों माताओं और नवजात शिशुओं को लाभ मिला है।
दो किस्तों में कुल 5,000 रुपए की सहायता राशि दी जाती है
योजना के तहत प्रथम संतान के जन्म पर पात्र महिलाओं को गर्भधारण से लेकर शिशु के जन्म के बाद निर्धारित टीकाकरण पूरा होने तक दो किस्तों में कुल 5,000 रुपए की सहायता राशि दी जाती है। वहीं, दूसरी संतान के रूप में कन्या जन्म लेने पर 6,000 रुपए की अतिरिक्त एकमुश्त सहायता प्रदान की जाती है। योजना का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना, सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देना और मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाना है।
अब तक कुल 27,053 गर्भवती महिलाओं को योजना का लाभ मिला
महासमुंद जिले में वर्ष 2022-23 से अब तक कुल 27,053 गर्भवती महिलाओं को योजना का लाभ मिला है। इनमें 14,423 महिलाओं को पहली किस्त के रूप में 4.32 करोड़ रुपए से अधिक की राशि प्रदान की गई, ताकि वे गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक आहार और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ ले सकें।
दूसरी किस्त के रूप में 1.64 करोड़ रुपए से अधिक की सहायता
इसके अलावा 8,211 महिलाओं को प्रसव के बाद नवजात शिशु का निर्धारित टीकाकरण पूर्ण होने पर दूसरी किस्त के रूप में 1.64 करोड़ रुपए से अधिक की सहायता राशि दी गई है। वहीं, दूसरी संतान के रूप में पुत्री जन्म लेने पर 4,420 माताओं को 2.65 करोड़ रुपए से अधिक की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है।
PMMVY से लाभान्वित महिलाओं ने बताया
योजना से लाभान्वित महिलाओं ने बताया कि प्राप्त राशि से उन्हें गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक भोजन, दवाइयों और अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था करने में मदद मिली। कई महिलाओं ने इस राशि का उपयोग अपनी बेटियों के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए सुकन्या समृद्धि योजना में निवेश करने के लिए भी किया है।

No comments