Header Ads

Header ADS

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नई दिल्ली में की महत्वपूर्ण बैठकें


 भोपाल। 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरूवार को नई दिल्ली में केंद्र सरकार के कई वरिष्ठ मंत्रियों से मुलाकात कर प्रदेश से जुड़े महत्वपूर्ण विकास कार्यों, आधारभूत संरचना, धार्मिक पर्यटन, कृषि, सिंचाई, शहरी विकास और कानून व्यवस्था जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की इन बैठकों को मध्यप्रदेश के विकास एजेंडे और आगामी सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के मद्देनजर बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

केन्द्रीय मंत्री श्री शाह से मुलाकात में नक्सल उन्मूलन और कानून व्यवस्था पर हुई चर्चा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह से मुलाकात कर मध्यप्रदेश में नक्सल उन्मूलन अभियान की जानकारी दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विशेष रूप से डिंडोरी और बालाघाट क्षेत्रों में सुरक्षा बलों और प्रशासन द्वारा किए जा रहे विकास एवं शांति प्रयासों का उल्लेख किया। बैठक में नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा तकनीक आधारित पुलिसिंग पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री श्री शाह को बालाघाट दौरे का निमंत्रण भी दिया। केन्द्रीय गृह मंत्री श्री शाह ने प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कानून-व्यवस्था और विकास के क्षेत्र में राज्य की पहल को सकारात्मक बताया।

यूनिफॉर्म सिविल कोड की प्रक्रिया हुई शुरू

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मीडिया से चर्चा में यूनिफॉर्म सिविल कोड को लेकर कहा कि मध्यप्रदेश में यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू करने की दिशा में प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि इसके लिए समिति का गठन किया जा चुका है और समिति की प्रारंभिक बैठक भी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी वर्गों, समाजों और संबंधित पक्षों से सुझाव प्राप्त करेगी। व्यापक संवाद और सुझावों के आधार पर आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार सामाजिक समरसता और संवैधानिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए आगे बढ़ेगी।

No comments

Powered by Blogger.