शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, पीएम रहे उपस्थित
कोलकाता।
कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की उपस्थिति में शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके मंत्रिपरिषद में पांच विधायकों को शामिल किया गया है। इनमें उत्तर बंगाल से दो और दक्षिण बंगाल से तीन विधायकाें को जगह दी गई है।
नये मंत्रिमंडल में आदिवासी, मतुआ और राजवंशी क्षेत्रों के विधायकों को शामिल कर सबका साथ सबका विकास का संदेश देने की कोशिश की गई है। शुभेंदु अधिकारी के साथ जिन नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली उनमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पाल, अशोक कीर्तनिया, निशीथ प्रमाणिक और खुदीराम टुडू शामिल हैं। हालांकि, अभी विभागों का बंटवारा नहीं किया गया है।
पीएम मोदी ने मंच पर छुए डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सहयोगी माखनलाल सरकार के पैर
पश्चिम बंगाल में पहली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान कोलकाता के ब्रिगेड मैदान में एक भावुक और ऐतिहासिक दृश्य देखने को मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंच पर मौजूद 97 वर्षीय वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता माखन लाल सरकार के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। इस दृश्य ने समारोह में मौजूद लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
माखनलाल सरकार भारतीय जनसंघ के संस्थापक डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के करीबी सहयोगियों में रहे हैं। भाजपा नेताओं के अनुसार कश्मीर आंदोलन के दौरान श्यामा प्रसाद मुखर्जी के ऐतिहासिक दौरे में भी माखनलाल सरकार उनके साथ थे। उस समय कश्मीर में तिरंगा फहराने के अभियान के बाद श्यामा प्रसाद मुखर्जी को गिरफ्तार किया गया था और जेल में उनकी रहस्यमयी मौत हो गई थी। बताया जाता है कि उस दौरान माखनलाल सरकार भी उनके साथ जेल में बंद थे।

No comments