ओंकारेश्वर अद्वैत दर्शन का विश्व स्तरीय केंद्र बनेगा - राज्य मंत्री लोधी
भोपाल/ खंडवा।
संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और खंडवा के प्रभारी मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने कहा कि ओंकारेश्वर में लगभग 2400 करोड रुपए लागत से "अद्वैत लोक" का निर्माण शुरू हो चुका है। ओंकारेश्वर को एकात्मकता के अंतर्राष्ट्रीय केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। राज्य मंत्री श्री लोधी ने कहा कि ओंकारेश्वर में आचार्य शंकर की 108 फीट ऊंची 'एकात्मता की मूर्ति', शंकर संग्रहालय और अंतर्राष्ट्रीय अद्वैत वेदांत संस्थान की स्थापना का कार्य तीव्र गति से जारी है। उन्होंने कहा कि आगामी जनवरी से अप्रैल 2027 तक आदि शंकराचार्य के जन्म स्थान कालड़ी, केरल से केदारनाथ तक लगभग 17 हजार किलोमीटर की “एकात्म यात्रा” आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही ओंकार पर्वत पर 38 हेक्टेयर क्षेत्र में 40 हजार पौधे लगाकर "अद्वैत वन" विकसित किया जा रहा है।
राज्य मंत्री लोधी ने कहा कि अद्वैत लोक में डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण किया जाएगा, जिसमें आदि शंकराचार्य रचित प्राचीन ग्रंथों की डिजिटल पांडुलिपि उपलब्ध रहेगी। ओंकारेश्वर में लेजर एंड साउंड शो शुरू किया जाएगा, जिसमें संध्या काल में नर्मदा तट पर आदिशंकराचार्य के जीवन दर्शन पर केंद्रित जानकारी श्रद्धालुओं को दी जाएगी। अद्वैत लोक में ध्यान और साधना का केंद्र भी स्थापित किया जाएगा। अद्वैत लोक में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। चित्रकला, मूर्ति कला और संगीत पर आधारित कार्यशालाएं आयोजित होगी। उन्होंने कहा कि ओंकारेश्वर आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक यहां से केवल सेल्फी लेकर ही नहीं जाएंगे, बल्कि "एकात्मक का ज्ञान" लेकर भी जाएंगे। प्रभारी मंत्री श्री लोधी ने इस अवसर पर कहा कि आदि शंकराचार्य के उपदेश आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि एकात्मक पर्व आयोजन का उद्देश्य यह है कि जगतगुरु आदिशंकराचार्य की शिक्षाएं और उपदेश घर-घर तक पहुंचे।
No comments