जबलपुर में बरगी डैम में डूबा पर्यटकों से भरा क्रूज, छह शव बरामद, रेस्क्यू जारी
मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में नर्मदा नदी पर बने बरगी डैम में गुरुवार शाम को तेज आंधी-तूफान के चलते पर्यटकों से भरा एक क्रूज खमरिया टापू के पास पानी में डूब गया। 6 शव बरामद किए गए हैं, जबकि 18 को सुरक्षित बचा लिया गया है। अभी 15 से ज्यादा लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है। दरअसल, गर्मी के मौसम में शाम को लोग बरगी डैम घूमने जाते हैं। गुरुवार शाम को अचानक मौसम बिगड़ गया और तेज आंधी-तूफान शुरू हो गया। इसी दौरान पर्यटकों से भरा एक क्रूज खमरिया टापू के पास संतुलन बिगड़ने से डूब गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, क्रूज में 40 से अधिक लोग सवार थे। सूचना मिलते ही बरगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
दरअसल एमपी टूरिज्म के क्रूज में 40 से 45 लोग सवार थे। अचानक आई आंधी के कारण ये हादसा हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए पहुंची। अंधेरा होने की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में परेशानी आ रही है। हालांकि बड़ी टॉर्च का इस्तेमाल करके लोगों की तलाश की जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार शाम को जबलपुर में तेज आंधी-तूफान के कारण बरगी डैम में हुए क्रूज हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह हादसा पीड़ादायक है। उन्होंने लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह और पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी को तत्काल प्रभावित क्षेत्र में पहुंचने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जबलपुर संभाग प्रभारी एसीएस, एडीजी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस हादसे में दिवंगत नागरिकों के परिजन को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है।

No comments