अगला सिलेंडर बुक करने के लिए अब 35 दिन का इंतजार
नई दिल्ली
एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए बुकिंग नियमों में बड़ा बदलाव किया गया है। नए नियमों के तहत अब कुछ ग्राहकों को गैस सिलेंडर रिफिल बुक करने से पहले पहले की तुलना में अधिक समय तक इंतजार करना होगा।
नए प्रावधान के अनुसार, जिन उपभोक्ताओं के पास एक ही कनेक्शन पर दो सिलेंडर हैं, उन्हें अगला सिलेंडर बुक करने के लिए अब 35 दिन का इंतजार करना होगा। पहले यह अवधि 25 दिन थी। इस व्यवस्था में एक सिलेंडर उपयोग में रहेगा, जबकि दूसरा बैकअप के रूप में घर में रखा जाएगा। हालांकि, नई बुकिंग निर्धारित 35 दिन पूरे होने के बाद ही संभव होगी।
सरकार का मानना है कि इस बदलाव से गैस की सप्लाई को बेहतर तरीके से संतुलित किया जा सकेगा और सभी उपभोक्ताओं तक समय पर एलपीजी पहुंचाई जा सकेगी। जिन उपभोक्ताओं के पास केवल एक ही सिलेंडर वाला कनेक्शन है, उनके लिए नियमों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। वे पहले की तरह 25 दिन बाद ही नया सिलेंडर बुक कर सकते हैं। यह प्रावधान उन परिवारों के लिए राहत है, जिन्हें बिना बैकअप के गैस की आवश्यकता होती है।

No comments