Header Ads

Header ADS

मोदी मंत्रिमंडल: केरल राज्य का नाम बदलकर केरलम करने के प्रस्ताव को मंजूरी


 नई दिल्ली। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आज सेवा तीर्थ में केंद्रीय मंत्रिमंडल की पहली बैठक हुई जिसमें अनेक महत्वपूर्ण फैसले लिये गये। इन निर्णयों में विकास, रोजगार, किसानों की आय, बेहतर रेल और हवाई संपर्क तथा हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण पहलू शामिल हैं। इन फैसलों से देश के विभिन्न क्षेत्रों में नई ऊर्जा, बेहतर सुविधाएं और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।

सरकार ने केरल राज्य का नाम बदलकर केरलम करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। यह निर्णय राज्य विधानसभा के सर्वसम्मत प्रस्ताव के अनुरूप है। संविधान के अनुच्छेद 3 के तहत आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। यह कदम भाषा आधारित राज्यों की ऐतिहासिक भावना का सम्मान है और स्थानीय पहचान को संवैधानिक मान्यता देने का उदाहरण भी है।

इसके अलावा, करीब 9072 करोड़ रुपये की लागत से महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, बिहार और झारखंड के आठ जिलों में तीन मल्टी ट्रैकिंग परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। 307 किलोमीटर रेल नेटवर्क का विस्तार लगभग 5407 गांवों और 98 लाख आबादी को बेहतर संपर्क देगा। इससे माल परिवहन क्षमता में 52 मिलियन टन प्रतिवर्ष की वृद्धि होगी। कोयला, इस्पात, सीमेंट और खाद्यान्न जैसी वस्तुओं के परिवहन में सुगमता आएगी। तेल आयात में कमी और कार्बन उत्सर्जन में उल्लेखनीय गिरावट से पर्यावरणीय लक्ष्यों को भी बल मिलेगा।


No comments

Powered by Blogger.