लोकायुक्त की बड़ी कार्यवाही : डेढ़ लाख की रिश्वत लेते सागर पीएचई का ईई गिरफ्तार
सागर।
लोकायुक्त पुलिस ने बुधवार को सागर में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री एस.एल. बाथम और उनके निजी ड्राइवर फूल सिंह को डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई जल जीवन मिशन के अंतर्गत हुए करोड़ों रुपये के कार्यों में कमीशन मांगने की शिकायत पर की गई। मामला जल जीवन मिशन के तहत सागर जिले में 2 करोड़ 16 लाख के अधूरे कार्यों को पूरा करने का टेंडर का है ।
आरोप है कि इस कार्य के एवज में कार्यपालन यंत्री एस.एल. बाथम द्वारा ठेकेदार से साढ़े तीन प्रतिशत कमीशन की मांग की थी। योजना के मुताबिक ठेकेदार रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 1.50 लाख रुपये लेकर ईई के कार्यालय पहुंचे। जैसे ही राशि दी गई, ईई बाथम ने पैसे अपने ड्राइवर फूल सिंह को रखने के लिए कह दिया। इशारा मिलते ही लोकायुक्त की टीम ने दबिश दी और ड्राइवर के पास से रिश्वत की राशि बरामद कर ली।

No comments