प्रत्येक जनजातीय विकासखण्ड में खुलेगा सांदीपनि विद्यालय - डॉ. कुंवर विजय शाह
भोपाल .
जनजातीय कार्य मंत्री डॉ कुंवर विजय शाह ने दो साल की विभागीय उपलब्धियों पर कहा कि मध्यप्रदेश में जनजातीय वर्ग के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा का स्तर बढ़ाने प्रत्येक जनजातीय विकासखण्ड में सांदीपनि विद्यालय की स्थापना की जायेगी। इनमे स्मार्ट क्लास, लैब एवं लाइब्रेरी की विशेष सुविधा रहेगी। इसके साथ ही प्रत्येक जनजातीय विकासखण्ड में एकलव्य विद्यालय, माता शबरी कन्या शिक्षा परिसर और बालक आदर्श आवासीय विद्यालय की भी स्थापना की जायेगी।
शाह ने कहा कि स्वदेशी पर्यटन को बढ़ावा देने जनजातीय वर्ग का रोजगार बढ़ाने 14 ग्रामों में 86 जनजातीय होम स्टे बनाए जा रहे हैं। जनजाति वर्ग के व्यवसायियों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए चार ट्राइबल मल्टीपरपज मार्केटिंग सेंटर स्वीकृत किए गए हैं।जनजातीय श्रद्धा एवं पूजा स्थलों का उन्नयन किया जायेगा। जनजातीय समाज की सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के आयोजन के लिए 86 जनजातीय विकास खण्डों में कला भवन की स्थापना की जायेगी।
जनजातीय कलाओं को जी.आई.टैग
डा शाह ने कहा कि डिंडोरी जिले की गोंड पेंटिंग को जी.आई. टैग प्राप्त हुआ है। सात उत्पादों की जी.आई. टैग की प्रक्रिया प्रचलित है, जिसमें भील जनजाति के गलशन माला, बोलनी, पिथौरा चित्रशैली, झाबुआ आदिवासी गुड़िया एवं गोंड जनजाति समूह के वाद्य यंत्र बाना चिकारा तथा मुखौटा काष्ठ शिल्प शामिल हैं।

No comments