Header Ads

Header ADS

बिहार : मंत्रियों को मिले विभाग,सम्राट चौधरी को गृह मंत्रालय का जिम्मा

 


पटना। 

बिहार में शपथ ग्रहण समारोह के बाद उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को गृह मंत्रालय का जिम्मा दिया गया है। 2005 से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने पास गृह मंत्रालय रखते रहे हैं। लेकिन इस बार इसे भाजपा को दिया गया है। वहीं, दूसरे उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा को भू-राजस्व और खनन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। मंगल पांडे को एक बार फिर से स्वास्थ्य एवं विधि मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है जबकि रामकृपाल यादव कृषि मंत्री बने हैं।

नितिन नवीन को पीडब्ल्यूडी का विभाग दिया गया है। वहीं, दीपक प्रकाश को पंचायती राज विभाग के जिम्मेदारी दी गई है। संतोष सुमन अपने पुराने विभाग लघु जल संसाधन विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे। दिलीप जायसवाल के पास उद्योग विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। हालांकि, अबतक जदयू की ओर से कोई सूची सामने नहीं आई है। बिहार में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार ने बृहस्पतिवार को दसवीं बार पद और गोपनीयता की शपथ ली। नीतीश के 26 सदस्यीय मंत्रिमंडल में पुराने अनुभवी नेताओं के साथ 10 नए चेहरों को शामिल किया गया है, जिसमें जातीय और क्षेत्रीय संतुलन पर विशेष ध्यान दिया गया है। 

पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने भी मंत्रिमंडल में वापसी की हैं। एक अन्य मंत्री नारायण प्रसाद की भी वापसी हुई है। वर्ष 2022 में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से नीतीश के अचानक अलग होने पर जायसवाल व प्रसाद ने अपना पद गंवा दिया था और पिछली बार जदयू के राजग में लौटने पर भी उन्हें कैबिनेट में जगह नहीं मिली थी। राजग के अन्य सहयोगियों में हम (सेक्युलर) ने फिर से पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के पुत्र संतोष कुमार सुमन को अपना मंत्री बनाया है। 

No comments

Powered by Blogger.