Header Ads

Header ADS

अब मिनटों में देखिए मध्यप्रदेश का पर्यटन , प्रदेश में पीएम श्री हवाई पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा का हुआ शुभारंभ


- इंट्रा स्टेट एयर सर्विसेज प्रारंभ करने में मध्यप्रदेश बना देश का पहला राज्य

- तीन टूरिज्म सेक्टर्स में हेलीकॉप्टर सेवा की हुई शुरूआत

- हेली सेवा का नियमित संचालन 20 नवम्बर से होगा शुरू


भोपाल।  सूर्यप्रभात 

मध्यप्रदेश के 70वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को  पीएम श्री हेलीकॉप्टर सेवा की अनुपम सौगात मिली है।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को राजा भोज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पीएमश्री पर्यटन हेलीकॉप्टर्स को हरी झंडी दिखाकर मध्यप्रदेश में इस सेवा का विधिवत् शुभारंभ किया। इस अवसर पर संस्कृति एवं पर्यटन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी एवं अपर मुख्य सचिव पर्यटन एवं संस्कृति शिव शेखर शुक्ला भी उपस्थित थे। 

पर्यटकों को पैकेज के रूप में मिलेगी सभी तरह की सुविधाएं

पीएमश्री पर्यटन हेलीकॉप्टर्स सेवा से पर्यटकों को पैकेज के रूप में सभी तरह की सुविधाएं मिलेंगी। शुरुआती चरण में प्रदेश के 3 सेक्टर में पीएम श्री हेली सर्विस शुरू की जा रही है। भोपाल से मढ़ई-पचमढ़ी, इंदौर से उज्जैन-ओंकारेश्वर और जबलपुर से कान्हा-बांधवगढ़ सेक्टर पर पर्यटकों को हेलीकॉप्टर सुविधा मिलेगी। अभी भोपाल से सड़क मार्ग से पचमढ़ी जाने में साढ़े 5 घंटे लगते है, लेकिन नई पीएमश्री हेली सर्विस से पर्यटक सिर्फ 45 से 50 मिनट में पचमढ़ी पहुंच सकेंगे। पीएमश्री पर्यटन हेली सर्विस जबलपुर से कन्हा और बांधवगढ़ को लिंक करेगी। इंदौर से उज्जैन और ओंकारेश्वर के बीच हेलीकॉप्टर सेवा से एक दिन में दोनों ज्योतिर्लिंग के दर्शन हो जाएंगे। बाबा महाकाल की नगरी में प्रदेश का 9वां एयरपोर्ट विकसित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य में एयर एम्बुलेंस और हेलीकॉप्टर पर्यटन सेवा (इंट्रा स्टेट एयर सर्विसेज) प्रारंभ करने वाला मध्यप्रदेश पूरे देश में पहला और इकलौता राज्य बन गया है। यादव ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि हवाई यात्रा केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि एक आनंददायक यात्रा का अनुभव भी बने। मध्यप्रदेश अपने नागरिकों और पर्यटकों को आधुनिक सुविधाओं के साथ संस्कृति की आत्मीयता भी प्रदान करेगा। 

मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में हमारा पर्यटन विभाग नए आयाम स्थापित कर रहा है। पहले पीएमश्री एंबुलेंस के सफल संचालन के बाद कुछ स्थान ऐसे रह गए थे, जहां आज पीएमश्री पर्यटन हेली सर्विस शुरू की जा रही है। लोधी ने कहा कि यह सेवा केवल हवाई यात्रा को सुगम नहीं बनाएगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, रोजगार सृजन, स्थानीय उत्पादों, और सांस्कृतिक समृद्धि को भी प्रोत्साहित करेगी। अपर मुख्य सचिव पर्यटन एवं संस्कृति  शिव शेखर शुक्ला ने कहा कि पर्यटकों के लिए प्रदेश में हवाई यात्रा सुलभ कराने के उद्देश्य से लगभग एक वर्ष पहले पीएमश्री पर्यटन वायु सेवा का शुभारंभ किया गया था। उसमें अभी तक 10 हजार से अधिक पर्यटक यात्रा कर चुके है। मध्यप्रदेश भौगोलिक दृष्टि से बड़ा राज्य है। इसलिए प्रदेश में एयर कनेक्टीविटी को बढ़ाते हुए पीएमश्री पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा का शुभारंभ किया जा रहा है।

इन 3 प्रमुख सेक्टरों में होगा संचालन

सेक्टर-1 में इंदौर, उज्जैन, ओंकारेश्वर, मांडू, महेश्वर, गांधीसागर, मंदसौर,, नीमच, हनुवंतिया, खंडवा, खरगोन, बुरहानपुर, बड़वानी, अलीराजपुर, रतलाम, झाबुआ, नलखेड़ा, भोपाल और जबलपुर के बीच सेवा संचालित की जाएगी

सेक्टर-2 में भोपाल, मढ़ई, पचमढ़ी, तामिया, छिंदवाड़ा, सांची, इंदौर, दतिया, दमोह, ग्वालियर, शिवपुरी, कूनो (श्योपुर), ओरछा, गुना, राजगढ़, सागर, होशंगाबाद, बैतूल, टीकमगढ़ और जबलपुर के बीच सेवा संचालित की जाएगी।

सेक्टर-3 में जबलपुर, बांधवगढ़, कान्हा, चित्रकूट, सरसी, परसुली, मैहर, सतना, पन्ना, खजुराहो, कटनी, रीवा, सिंगरौली, अमरकंटक, सिवनी, सीधी, मंडला, पेंच, डिंडौरी, भोपाल और इंदौर के बीच हेलीकॉप्टर सेवा संचालित की जायेगी।

पर्यटकों को मिलेगा "एंड टू एंड" मिलेगा अनुभव

"पीएमश्री पर्यटन" की सबसे बड़ी विशेषता इसका "एंड टू एंड" (संपूर्ण) अनुभव है। आपकी यात्रा आपके घर के दरवाज़े से शुरू होती है। एक आरामदायक टैक्सी आपको हेलीपैड तक ले जाएगी। उड़ान के बाद, आपके ठहरने के लिए होटल, मंदिरों में दर्शन, भ्रमण के लिए गाइड और जंगल सफारी तक, सब कुछ पहले से ही आपके लिए व्यवस्थित होगा। 



No comments

Powered by Blogger.