Header Ads

Header ADS

हरियाणा: आईपीएस आत्महत्या के मामले में नया मोड़ ,पत्नी की एफआईआर में बदलाव की मांग

 


चंडीगढ़। 

हरियाणा के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) वाई. पूरन कुमार की आत्महत्या के मामले में नया मोड़ आ गया है। चंडीगढ़ पुलिस ने इस घटना से जुड़ी एफआईआर गुरुवार को दर्ज की थी, लेकिन अब अधिकारी की पत्नी अमनीत पी. कुमार ने शुक्रवार को सेक्टर-11 थाने में एक और आवेदन देकर एफआईआर में बदलाव की मांग की है। उनका कहना है कि पुलिस द्वारा दर्ज की गई रिपोर्ट में आरोपियों के नाम शामिल नहीं किए गए हैं। अमनीत पी. कुमार, जो स्वयं हरियाणा कैडर की आईएएस अधिकारी हैं, ने कहा कि एफआईआर में संशोधन कर जिम्मेदार व्यक्तियों के नाम जोड़े जाएँ और जांच निष्पक्ष रूप से की जाए। उन्होंने यह भी शिकायत की कि पुलिस ने अब तक उन्हें उनके पति के सुसाइड नोट की प्रति उपलब्ध नहीं कराई है, जबकि वह जांच की पारदर्शिता के लिए आवश्यक है।

वाई. पूरन कुमार ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी

ज्ञात हो कि 7 अक्टूबर को वाई. पूरन कुमार ने चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित अपने आवास पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। वह हरियाणा पुलिस के एक अनुभवी अधिकारी थे और वर्तमान में पुलिस प्रशिक्षण कॉलेज में पदस्थ थे। अपने करियर के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया था। घटना के समय उनकी पत्नी अमनीत पी. कुमार जापान दौरे पर थीं, जहाँ वह मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ आधिकारिक यात्रा पर गई थीं। वह वर्तमान में विदेश सहयोग विभाग की आयुक्त एवं सचिव के पद पर कार्यरत हैं।


No comments

Powered by Blogger.