वन नेशन-वन इलेक्शन आज देश की जरूरत है -शिवराज सिंह चौहान
केन्द्रीय कृषि मंत्री ने भोपाल में वन नेशन-वन इलेक्शन कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को संबोधित किया
भोपाल
केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को भोपाल स्थित सागर इंस्टीट्यूट ऑफ रिसर्च एंड टेक्नोलॉजी कॉलेज में आयोजित एक राष्ट्र-एक चुनाव कार्यक्रम में सहभागिता कर छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। इस दौरान शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, हमारे देश में कुछ हो या ना हो लेकिन पांच साल, 12 महीने चुनाव की तैयारियां जरूर चलती रहती है। हमेशा होने वाले चुनाव हमारे देश की प्रगति और विकास में सबसे बड़ी बाधा है। इससे धन का अपव्यय होता है, समय खराब होता है और सभी राजनीतिक दल जनता की सेवा की जगह चुनाव की तैयारियों में जुटे रहते हैं। इसलिए संविधान में संशोधन करके लोकसभा और विधानसभा के चुनाव पांच साल में एक बार, एक साथ होने चाहिए।
केन्द्रीय कृषि मंत्री ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि, आज मैं किसी पार्टी की तरफ से नहीं आया हूं, किसी मंत्री के रूप में भी नहीं आया हूं, नेता के रूप में भी नहीं आया हूं, आज मैं, तुम्हारे मामा के रूप में और एक जागरूक नागरिक के रूप में आप सभी के बीच आया हूं। उन्होंने कहा कि, एक जागरूक नागरिक के नाते मैं यह अपील कर रहा हूं कि, देश के विद्यार्थी भी उठें और राजनीतिक दलों से कहें कि, अब ये बार-बार चुनाव नहीं चलेंगे। सब मिलकर एक हो जाओ, संविधान में संशोधन करो और पाँच साल में एक बार चुनाव कराओ ताकि हमारा भविष्य, जनता का समय और देश के संसाधन बर्बाद न हों। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि, अब छात्र शक्ति को राजनीति से ऊपर उठकर देशहित में आगे आना चाहिए। मैं, चाहता हूं कि, छात्र शक्ति मैदान में आए और सभी राजनीतिक दलों से कहे कि यह बार-बार चुनाव का सिलसिला बंद करो, एक साथ चुनाव कराओ ताकि देश को आगे बढ़ाने में सब मिलकर योगदान दे सकें।
एक साथ चुनाव से धन और समय की बचत
केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि, जिन राज्यों के विधानसभा चुनाव पहले होने हैं उन्हें थोड़ा आगे बढ़ाया जाए और जिन राज्यों के बाद में हैं, उन्हें थोड़ा पहले करा दिया जाए, ताकि सभी चुनाव एक साथ कराए जा सकें। उन्होंने कहा कि, एक साथ चुनाव से न केवल खर्च बचेगा, बल्कि सरकारें पूरे साढ़े चार साल जनता की सेवा में ईमानदारी से जुटी रहेंगी।

No comments