महाराष्ट्र के नंदुरबार में भीषण सड़क हादसा , आठ की मौत
नंदुरबार
महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना तब घटी जब श्रद्धालुओं से भरा एक वाहन चांदशाली घाट पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। महाराष्ट्र पुलिस ने शनिवार को इस घटना की जानकारी दी।
यह हादसा शहादा पुलिस थानाक्षेत्र में हुआ। जानकारी के मुताबिक, वाहन में सवार सभी लोग अस्तंबा देवी के मंदिर में दर्शन करके वापस लौट रहे थे। वापसी के दौरान, घाट पर एक चढ़ाई के वक्त वाहन चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन गहरी खाई में गिर गया। पुलिस के अनुसार, खाई काफी गहरी थी और हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार लोग छिटककर बाहर गिर पड़े। वाहन भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है।
इस भीषण हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने घायलों को तत्काल तलोदा उप-जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसके बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया।
.jpg)
No comments