सीएम मान ने शहीद भगत सिंह की दुर्लभ वीडियो के लिए ब्रिटेन के कानूनविदों से सहयोग मांगा
चंडीगढ़।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शहीद-ए-आजम भगत सिंह की दुर्लभ वीडियो फुटेज प्राप्त करने में राज्य सरकार की सहायता के लिए ब्रिटेन के कानूनविदों से समर्थन की अपील की। अपने सरकारी निवास पर इंग्लैंड और वेल्स की बार काउंसिल के प्रतिनिधिमंडल से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में इस महान शहीद की कोई भी वीडियो रिकॉर्डिंग उपलब्ध नहीं है। उन्होंने बताया कि जानकारी के अनुसार स्कॉटलैंड यार्ड के पास भगत सिंह की दुर्लभ वीडियो फुटेज, विशेष रूप से उनकी गिरफ्तारी और मुकदमे की सुनवाई से संबंधित वीडियो, मौजूद हो सकती हैं।
भगवंत सिंह मान ने कहा कि ये वीडियो पूरे भारतवासियों के लिए, विशेष रूप से पंजाबियों के लिए, अत्यंत महत्वपूर्ण हैं क्योंकि भगत सिंह सभी के दिलों में अपार सम्मान रखते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पहले से ही इन वीडियो फुटेज को प्राप्त करने के प्रयास कर रही है ताकि आने वाली पीढ़ियाँ उनसे प्रेरणा ले सकें। उन्होंने इंग्लैंड और वेल्स की बार काउंसिल से अपील की कि वे शहीद भगत सिंह की गौरवशाली विरासत को युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बनाने के इस मानवीय और जनकल्याणकारी प्रयास में पंजाब सरकार का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस राष्ट्रीय महत्व के मुद्दे की पैरवी में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
.jpg)
No comments