परिवहन विभाग की समीक्षा बैठक, सीएम यादव को आम आदमी की सुविधाओं की चिंता
भोपाल। सूर्यप्रभात
भोपाल में परिवहन विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आम आदमी की परिवहन सुविधाओं को लेकर विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि बस स्टॉप सहित बसों के फ्रंट कांच पर गांव शहर के नाम अनिवार्य रूप से प्रदर्शित किए जाएं। साथ ही बस स्टॉप पर भी गांव और नगरों के नाम अनिवार्य रूप से लिखवाए जाएं। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि सड़क पर बने बस स्टॉप पर नागरिकों को साफ-सफाई के साथ आवश्यक सुविधाएं मिलें।
मुख्यमंत्री ने यात्रियों की सुरक्षा के लिए वाहनों की गति सीमा पर नियंत्रण रखे जाने को लेकर भी सख्त निर्देश दिए। यादव ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में सड़क दुर्घटना पर रोक लगाने के लिए अंतरविभागीय बैठक नियमित रूप से करे । सड़कों पर सुरक्षा से जुड़ी कमियां पाए जाने पर उन्हें तत्काल दूर किया जाए। गाड़ी चलाने वाले व्यक्ति के पास आवश्यक कागजों की वैधता की जांच भी नियमित हो। परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने बताया कि विभाग के आधुनिकीकरण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नशे की हालत मं गाड़ी चलाने वाले ड्राइवरों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाही की जा रही है।
परिवहन से प्रदेश में बढ़ा है 6 प्रतिशत राजस्व
बैठक में बताया गया कि इस वर्ष 16 लाख 60 हजार वाहनों का पंजीयन किया गया है। इसमें 2 लाख 58 हजार से अधिक इलेक्ट्रिकल व्हीकल का पंजीयन किया गया है। प्रदेश में ऑन रोड वाहनों की संख्या एक करोड़ 80 लाख के करीब है। परिवहन से प्राप्त होने वाली राजस्व आय में लगातार वृद्धि हो रही है। वर्ष 2024-25 में 4 हजार 874 करोड़ रुपए की राजस्व आय हुई है। इसमें पिछले वर्ष के मुकाबले लगभग 6 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। बैठक में राजस्व वृद्धि के किए जाने वाले उपायों पर भी चर्चा की गई।

No comments