मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन विभाग का किया निरीक्षण ,अधिकारियों को दिये आवश्यक निर्देश
पटना।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटेल भवन पहुंचकर गृह विभाग एवं आपदा प्रबंधन विभाग का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन विभाग तथा राज्य आपातकालीन संचालन केन्द्र का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं तथा कार्य पद्धतियों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य में वर्षापात की स्थिति, नदियों के जलस्तर तथा फसल आच्छादन की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान विकास आयुक्त सह आपदा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने राज्य में वर्षापात की स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि पिछले 24 घंटों मे राज्य में अच्छी बारिश हुई है। राज्य के 222 प्रखंडों में 25 मि०मी० अथवा इससे अधिक बारिश दर्ज की गई है। गंगा, कोशी तथा बूढ़ी गंडक नदियों का जलस्तर बढ़ा है, पानी का स्तर खतरे के निशान के आसपास है लेकिन स्थिति अभी नियंत्रण में है। राज्य में धान की फसल का आच्छादन प्रतिशत 3 अगस्त तक 79.43 प्रतिशत है, गत वर्ष इस समय तक यह 67.38 प्रतिशत था। राज्य में अच्छी वर्षा हो रही है जिससे भू-जलस्तर भी बेहतर हुआ है।

No comments